तबादला एक्सप्रेस: रंजन कुमार व अक्षय त्रिपाठी का ट्रांसफर, 11 IAS का भी तबादला

योगी सरकार ने शनिवार शाम लखनऊ के मंडलायुक्त रंजन कुमार समेत 11 आइएएस अफसरों का तबादला कर दिया है। ट्रांसफर होने वाले अधिकारियों में लखनऊ विकास प्राधिकरण के #VC अक्षय त्रिपाठी और लखनऊ नगर आयुक्त अजय कुमार द्विवेदी का भी नाम शामिल है।
सचिव भूतत्व एवं खनिकर्म डॉ. रोशन जैकब को लखनऊ मंडलायुक्त का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है, जबकि अपने सरकारी आवास को एलडीए के फंड से बनवाने के मामले मे चर्चा में चल रहे रंजन कुमार को नगर विकास विभाग में सचिव के पद पर भेजा गया है।
वहीं साफ छवि के आइएएस अफसरों में गिने जाने वाले एलडीए वीसी अक्षय त्रिपाठी को विशेष सचिव आईटी एवं इलेक्ट्रानिक विभाग, प्रबंध निदेशक उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रानिक कार्पोरेशन की जिम्मेदारी दी गयी है, जबकि उनकी जगह अब विशेष सचिव नगर विकास इंद्रमणि त्रिपाठी को एलडीए वीसी बनाया गया है। इंद्रमणि त्रिपाठी लखनऊ नगर आयुक्त के पद पर भी रह चुके हैं। साथ ही मुख्य विकास अधिकारी गोरखपुर इंद्रजीत सिंह को अब नगर आयुक्त लखनऊ बनाया गया है।
इसके अलावा आगरा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष राजेंद्र पेसिया को नगर विकास विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट हमीरपुर संजय कुमार मीणा को मुख्य विकास अधिकारी के पद पर भेजा गया है। लोक निर्माण विभाग के विशेष सचिव गिरिजेश कुमार त्यागी को उच्च शिक्षा विभाग में विशेष सचिव के पद पर तैनाती मिली है।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट गोरखपुर कुलदीप मीणा को मुख्य विकास अधिकारी बिजनौर बनाया गया है। उच्च शिक्षा सेवा आयोग सचिव वंदना त्रिपाठी को विशेष कार्याधिकारी नोएडा के पद पर भेजा गया है।








