व्यापारियों ने महापौर से करी दुकानें खुलवाने की मांग

आज उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मण्डल के प्रतिनिधिमण्डल महापौर संयुक्ता भाटिया से उनके आवास पर मुलाकात कर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मण्डल के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे दिवंगत पण्डित श्याम बिहारी मिश्रा के नाम सड़क और चौराहे की घोषणा करने पर धन्यवाद ज्ञापित किया और व्यापारियों ने महापौर से बाजार खुलवाने के साथ ही लॉकडाउन के दौरान व्यापारियों पर लगे मुकदमे वापस लेने के सम्बंध में आग्रह किया जिसपर महापौर ने मुख्यमंत्री एवं जिला प्रशासन से वार्ता करने के लिए आश्वासन दिया।

व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ व्यापारी नेता पण्डित श्याम बिहारी मिश्रा जी के नाम पर सड़क और चौराहा करने की घोषणा पर महापौर संयुक्ता भाटिया को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए आभार जताया।

व्यापार मंडल के प्रांतीय मीडिया प्रभारी योगेंद्र सिंह ने महापौर को पत्र सौंपते हुए बताया कि मा० मुख्यमंत्री जी और आपके अथक प्रयासों से कोरोना माहमारी नियंत्रित हो रही है। 1 जून से कई जिलों को अनलॉक की श्रेणी में लाया गया है परंतु लखनऊ के व्यापारी मायूस है, लॉकडाउन के कारण विगत डेढ़ वर्षो से व्यापारी समाज घाटे का सौदा कर रहा है। जिससे व्यापारियों को आर्थिक क्षति पहुँच रही है, और व्यापारियों पर देनदारियां भी चढ़ गई है, इसलिए बाजार पूरी तरह से खोल दिये जाये यदि कोरोना के चलते कोई परेशानी है तो व्यापरियों को दिन में स्लॉट्स बनाकर कुछ समय ही व्यापार करने की अनुमति प्रदान की जाए। जिससे व्यापार करने के बाद देनदारियों का निपटारा किया जा सके। साथ ही लॉकडाउन के दौरान व्यापारियों पर लगे मुकदमे भी वापस लेने की मांग रखी।

महापौर संयुक्ता भाटिया ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि उनकी मांग को मा० मुख्यमंत्री जी  से चर्चा करेंगी और हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। साथ ही व्यापारियों पर लगे मुकदमो पर महापौर ने कहा कि व्यापारियों का उत्पीड़न नही होने दिया जाएगा, मुकदमे वापसी के संदर्भ में मुख्यमंत्री से अनुरोध कर  व्यापारियों को राहत पहुँचाने का प्रयास किया जाएगा। महापौर ने आगे कहा कि मुझे समस्त व्यापारी समाज के ऊपर गर्व है, जब भी आवश्यकता पड़ी चाहे लॉकडाउन का प्रथम चरण हो या कोरोना का अभी द्वितीय चरण हो अपना कारोबार बंद होने के बाबजूद शासन का सहयोग करने के साथ ही जनता की सेवा करने में बढ़ चढ़ कर सहभागिता की। जब भी आवश्यकता पड़ती है व्यापारी समाज आगे बढ़कर अपनी भूमिका का निर्वहन करता है। मैं महापौर होने के नाते एवं हमारी पूरी सरकार समस्त व्यापरियों के साथ खड़ी है।

महापौर से मिले प्रतिनिधिमंडल में प्रमुख रूप से प्रांतीय मीडिया प्रभारी योगेन्द्र सिंह, नगर महिला अध्यक्ष ममता जिन्दल, युवा व्यापारी नेता रमन मिश्रा, अभय उपाध्याय, निखिल, नगर उपाध्यक्ष चन्द्र शेखर अग्रवाल, महामंत्री, अमरनाथ अग्रवाल, महिला महामंत्री विनीता श्रीवास्तव नीलम मिश्रा बबीता सिंह मृदुला सक्सेना, योगेश तिवारी, पिंटू  नीरज कुमार, जोगिंदर कुमार आदि थे।

Related Articles

Back to top button
btnimage