राज्य परिवहन प्राधिकरण उ0प्र0 की बैठक आगामी 07 अगस्त, 2025 को होगी

राज्य परिवहन प्राधिकरण उ0प्र0 की बैठक आगामी 07 अगस्त, 2025 को अपराह्न 02ः00 बजे परिवहन आयुक्त कार्यालय, उ0प्र0 टेहरी कोठी, लखनऊ के सभागार कक्ष में आयोजित की जायेगी। यह जानकारी राज्य परिवहन प्राधिकरण के सचिव सगीर अहमद अंसारी ने दी।
उन्होंने बताया कि बैठक में परमिटों के नवीनीकरण तथा हस्तान्तरण हेतु प्रस्तुत आवेदन पत्रों, नये परमिट के आवेदन पत्रों, मोटरयान अधिनियम-1988 की धारा-86 के अंतर्गत परमिटों को निरस्त/निलंबित करने, मथुरा-भरतपुर व गोवर्धन-भरतपुर मार्ग पर लंबी अवधि के असंचालित परमिटों को निरस्त करने की कार्यवाही एवं अन्य तात्कालिक प्रकरणों पर विचार किया जायेगा। संबंधित व्यक्ति स्वयं अथवा अपने अधिवक्ता के माध्यम से उपस्थित होकर अपना पक्ष प्रस्तुत कर सकते हैं।
उक्त बैठक में उ0प्र0 व बिहार राज्य के मध्य हुए पारस्परिक परिवहन समझौता-2016 एवं उ0प्र0 व उत्तराखंड राज्य के मध्य हुए पारस्परिक परिवहन समझौता-2018 के अंतर्गत बलिया, बक्सर वाया बरेली बार्डर मार्ग पर 04 एवं नगीना काशीपुर वाया धामपुर अफजलगढ़ मार्ग पर 14 स्थाई सवारी गाड़ी परमिट हेतु रिक्तियों के सापेक्ष आवेदन पत्र आमंत्रित किये गये हैं। इच्छुक व्यक्ति अपना आवेदन पत्र कोर्ट फीस रू0 200, आवेदन पत्र फीस रू0 1200 एवं परमिट फीस रू0 7500 एवं परमिट हेतु अपेक्षित अन्य अर्हताओं के प्रमाण पत्र जो आवेदक के पास हो, के साथ आगामी बैठक से पूर्व किसी भी कार्य दिवस में कक्ष संख्या-18 कार्यालय परिवहन आयुक्त उ0प्र0 टेहरीकोठी लखनऊ में स्वयं अथवा अपने प्रतिनिधि/अधिवक्ता के माध्यम से उपस्थित होकर प्रस्तुत कर सकते हैं।








