उत्तर रेलवे मण्डल कार्यालय में राजभाषा विभाग द्वारा तकनीकी संगोष्ठी का आयोजन

लखनऊ 28 जनवरी।
उ. रे. मंडल कार्यालय, लखनऊ में राजभाषा विभाग द्वारा एक तकनीकी संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में संजय कुमार, मंडल वित्त प्रबंधक सह राजभाषा अधिकारी, उ. रे. लखनऊ ने व्याख्यान दिया। उन्होंने रेलवे में सेवानिवृत्ति पर मिलने वाली सुविधाओं पर विस्तार से जानकारी दी। संजय कुमार ने लखनऊ मंडल पर सेवानिवृत्ति पर पेंशन भुगतान आदेश (PPO) तैयार करने की पूरी कार्यविधि बताई। इसमें आने वाली समस्याओं व उनके निवारण पर विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि पी.पी.ओ. में एक छोटी सी गलती होने से भी पेंशन मिलने में दिक्कत आ सकती है इसलिए पी.पी.ओ. पूरी सावधानी से तैयार किए जाने चाहिए। सेवानिवृत्ति पर मिलने वाली सुविधाओं यथा ग्रैच्युटी, अवकाश नकदीकरण, मानार्थ पास, चिकित्सा सुविधा व चिकित्सा कार्ड आदि पर विस्तृत जानकारी दी गई। संगोष्ठी में पुरानी पेंशन योजना और नई पेंशन योजना के अंतर को भी तर्कसंगत ढंग से समझाया गया।
संजय कुमार ने अपने सभी कार्यों में राजभाषा हिंदी को अपनाने पर बल दिया। उन्होंने बताया कि अपनी मातृभाषा में समझने की क्षमता अधिक होती है इसलिए हम सभी लोगों को ज्ञान-विज्ञान के प्रत्येक क्षेत्र में हिंदी को अपनाने की आवश्यकता है। कई क्षेत्रों में हिंदी में लिखने से भ्रष्टाचार को भी रोका जा सकता है। अंग्रेजी में eight को eighty आसानी से बनाया जा सकता है परंतु आठ से अस्सी नहीं बनाया जा सकता। संगोष्ठी में सभी से हिंदी को अपनाने और बढ़ाने का आह्वान किया गया।








