यूपी में 24 जून को प्रदेशव्यापी भूख हड़ताल और सत्याग्रह : कर्मचारी-शिक्षक मोर्चा का बड़ा ऐलान

"लंबित मांगों के समाधान को लेकर कर्मचारियों में रोष, लखनऊ सहित सभी जिलों में होगा विरोध प्रदर्शन"

उत्तर प्रदेश के कर्मचारी और शिक्षक अपनी लंबित मांगों को लेकर एक बार फिर संघर्ष की राह पर हैं। कर्मचारी शिक्षक संयुक्त मोर्चा ने घोषणा की है कि 24 जून 2025 को लखनऊ सहित उत्तर प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर भूख हड़ताल और सत्याग्रह कर सरकार व शासन का ध्यानाकर्षण किया जाएगा। लखनऊ जिले में यह कार्यक्रम बी.एन. सिंह प्रतिमा स्थल पर आयोजित होगा। यह निर्णय आज नगर निगम कार्यालय में मोर्चा के अध्यक्ष वी.पी. मिश्रा की अध्यक्षता में संपन्न प्रांतीय कार्यकारिणी की बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया।

महासचिव शशि कुमार मिश्रा ने बताया कि 18 नवंबर 2024 को मुख्य सचिव के साथ हुई वार्ता की कार्यवृत्ति अब तक जारी नहीं की गई, न ही उस पर कोई कार्रवाई हुई। इसके विरोध में 4 मार्च को मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव को कार्यवृत्ति जारी कर समस्याओं के समाधान की मांग भेजी गई थी। इसके बाद भी 2 अप्रैल को मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और वरिष्ठ अधिकारियों को स्मरण पत्र भेजा गया, परंतु अब तक सरकार की ओर से कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया है। महासचिव ने कहा कि लगातार उपेक्षा के चलते कर्मचारियों और शिक्षकों में भारी रोष है, और यही कारण है कि मोर्चे ने अब सत्याग्रह जैसे कठोर कदम उठाने का फैसला किया है।

बैठक में कई संगठनों के वरिष्ठ पदाधिकारी थे शामिल:

-मोर्चा के संयोजक सतीश कुमार पांडे

-राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष सुरेश रावत, महामंत्री अतुल मिश्रा

-रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के महामंत्री गिरीश मिश्रा

-फार्मेसिस्ट फेडरेशन के अध्यक्ष सुनील यादव

-राजकीय निगम कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष मनोज मिश्रा, महामंत्री घनश्याम यादव

-जवाहर भवन-इंदिरा भवन कर्मचारी महासंघ के महामंत्री राम कुमार धानुक

-मेडिकल कॉलेज कर्मचारी महासंघ उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष विपिन त्यागी, रिजवान अहमद

-माध्यमिक शिक्षक संघ उत्तर प्रदेश के महामंत्री आशीष कुमार सिंह, सतीश कुमार वर्मा

बैठक में संयुक्त मोर्चा ने स्पष्ट किया है कि यदि सरकार ने अब भी ठोस कार्रवाई नहीं की, तो आंदोलन को और भी उग्र रूप दिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button
btnimage