बीकेटी के ग्राम लुधौली से की गई किसानों को उद्यमी बनाने की शुरुआत, डीएम रहे मौजूद

लखनऊ 24 अगस्त 2022
जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में उद्योगों की स्थापना को बढ़ावा देकर किसानों की आय को बढ़ाने के उद्देश्य से ज़िलाधिकारी सूर्य पाल गंगवार द्वारा बीकेटी तहसील अंतर्गत ग्राम लुधौली के पंचायत भवन में किसानों के साथ बैठक आहूत की गई। बैठक में ज़िलाधिकारी द्वारा किसानों से संवाद करते हुए पूछा गया कि कौन किसान किस किस फसल की खेती करते है। बैठक में ज़्यादातर किसान केले की खेती करने वाले पाए गए। किसानों द्वारा ज़िलाधिकारी को यह भी बताया गया कि इस बार आंधी के कारण उनकी अधिकांश फसल नष्ट हो गई है, जिससे उनको काफी नुकसान हुआ है। ग्राम प्रधान द्वारा ज़िलाधिकारी को बताया गया कि ग्राम में ज़्यादातर लोग खेती करने वाले है।

 

बैठक में ज़िलाधिकारी द्वारा किसानों को बताया गया कि वह अपनी भूमियो पर खेती के साथ साथ उद्योग स्थापित करके अपनी आय को बढ़ा सकते है। उन्होंने बताया जो किसान अपनी भूमियो पर उद्योग की स्थापना करके अपनी आय को बढ़ाना चाहते है। उनको सरकार द्वारा सब्सिडाइज ऋण देकर उद्योगो की स्थापना कराई जाएगी। बैठक में ज़िलाधिकारी द्वारा किसानों को उद्योग के द्वारा अपनी आय को बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

 

ज़िलाधिकारी द्वारा बताया गया कि यहां ज़्यादातर किसान केले की खेती करते है। केले की फसल पूरी होने के बाद किसानों को उनकी फसल का एक निश्चित मूल्य नही प्राप्त होता, कभी फसल अच्छे दामो में बिक जाती है कभी कम में, उतार चढ़ाव बना रहता है। परंतु यदि वही किसान केले की खेती के साथ ही अपनी भूमि पर केले के चिप्स बनाने के प्लांट की स्थापना कर लेता है तो उसकी आय वृद्धि हो जाएगी। ज़िलाधिकारी द्वारा किसानों को अपनी क्षमता के अनुसार छोटे छोटे यूनिट लगाने के लिए प्रेरित किया गया।

 

ज़िलाधिकारी ने बताया कि उद्योगो को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा 35% तक की सब्सिडी देते हुए ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। जिसमे उद्योग की स्थापना करने हेतु सामान्य वर्ग के पुरुष को 10% और किसानों/अन्य सभी को 5% अपना पैसा लगाकर उद्योग की स्थापना की जा सकती है। बाकी पैसा बैंक द्वारा ऋण के तौर पर लाभार्थी को उद्योग की स्थापना के लिए दिया जाता है। ज़िलाधिकारी ने बताया कि जो किसान भाई यूनिट लगाने के इच्छुक है उनको प्रशासन की तरफ से प्रोजेक्ट रिपोर्ट और वह जो उद्योग लगाना चाहते है उसकी ट्रेनिंग भी उपलब्ध कराई जाएगी।

 

बैठक में ज़िलाधिकारी द्वारा किसानों को उद्यम सारथी ऐप के बारे में भी जानकारी दी गई। सभी किसानों को उक्त ऐप पर रजिस्ट्रेशन कराने के लिए प्रेरित भी किया गया। ज़िलाधिकारी द्वारा बताया गया कि उक्त ऐप पर किसानों को विभिन्न छोटे बड़े प्रोजेक्ट के बारे में जानकारी प्राप्त हो सकती है। ज़िलाधिकारी ने बताया कि जनपद लखनऊ में लगभग 1000 ग्राम है, हम यह योजना बना रहे है कि हर ग्राम में कम से कम 10-10 उद्योगों की स्थापना कराते हुए किसान भाइयों की आय को बढ़ाया जाए।

 

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, उप ज़िलाधिकारी बीकेटी, खण्ड विकास अधिकारी बीकेटी, जी0एम0 डी0आई0सी0 व अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
btnimage