एलडीए की आवासीय योजनाओं को गति देने के लिए रखे जाएंगे राजस्व अधिकारी
लखनऊ विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष/मण्डलायुक्त विजय विश्वास पंत ने प्राधिकरण के कार्यों की समीक्षा बैठक में दिये निर्देश

शहर में प्राधिकरण की सम्पत्तियों का मांगा ब्योरा, अर्जित भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ चलाया जाएगा अभियान
लखनऊ विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष/मण्डलायुक्त विजय विश्वास पंत ने प्राधिकरण द्वारा शहर में संचालित विकास परियोजनाओं व आवासीय योजनाओं के सम्बंध में शनिवार को पारिजात सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान उन्होंने नयी आवासीय योजनाओं को गति देने के लिए सेवानिवृत्त राजस्व अधिकारियों की नियुक्ति करने के निर्देश दिये।

बैठक में एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने शहर में कराये जा रहे विकास व सौंदर्यीकरण आदि के विभिन्न कार्यों का प्रेजेन्टेशन दिया। इसके बाद प्राधिकरण की प्रस्तावित आवासीय योजनाओं क्रमशः आई0टी0 सिटी, वेलनेस सिटी, वरूण विहार व नैमिष नगर की प्रगति के सम्बंध में रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस पर मण्डलायुक्त ने निर्देशित किया कि योजनाओं के लिए भूमि जुटाने में अगर किसी प्रकार की अड़चन आ रही है तो इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करें, इन पर तुरंत कार्यवाही करते हुए निराकरण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि योजनाओं के लिए राजस्व सम्बंधी कार्यों के लिए सेवानिवृत्ति राजस्व अधिकारियों को नियुक्त किया जाए, जिससे कि कार्य को प्रभावी और समयबद्ध तरीके से निष्पादित किया जा सके।
मण्डलायुक्त ने शहर में प्राधिकरण की सभी सम्पत्तियों का ब्योरा प्रस्तुत करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि अर्जित भूमि पर जहां-जहां अवैध कब्जे हैं, वहां अभियान चलाकर जमीन कब्जामुक्त करायी जाए। इस दौरान उन्होंने अनंत नगर योजना व राष्ट्र प्रेरणा स्थल में कराये जा रहे विकास कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रेरणा स्थल पर वाहनों की पार्किंग के लिए पर्याप्त व्यवस्था पहले से कर ली जाए। इसके लिए स्थल के पास मल्टीलेवल पार्किंग के निर्माण हेतु प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिये।

बैठक में प्राधिकरण के सचिव विवेक श्रीवास्तव, अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा एवं सी0पी0 त्रिपाठी, संयुक्त सचिव सुशील प्रताप सिंह, मुख्य नगर नियोजक के0के0 गौतम, मुख्य अभियंता नवनीत शर्मा समेत सभी जोनल अधिकारी, विशेष कार्याधिकारी व अभियंता उपस्थित रहे।








