सम्पूर्ण प्रदेश में कल मनाया जायेगा ‘‘पीएम किसान समाधान दिवस’’

लखनऊ 31 जनवरी।
उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बताया कि प्रदेश के समस्त जनपदों में कल से अभियान चलाकर तीन दिवसीय ‘‘पीएम किसान समाधान दिवस’’ आयोजित किया जा रहा है। यह समाधान दिवस मुख्य रूप से इनवैलिड आधार तथा आधार के अनुसार नाम सही कराने के लिये आयोजित किया जा रहा है। इस सम्बन्ध में शासन द्वारा समस्त जिलाधिकारियों को पूर्व में निर्देश जारी किये जा चुके हैं।

कृषि मंत्री ने बताया कि पीएम किसान समाधान दिवस के माध्यम से ऐसे किसान, जिनका आधार नम्बर गलत होने के कारण अथवा आधार के अनुसार नाम सही न होने के कारण प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ नहीं ले पा रहे हैं, वे दिनांक 01 से 03 फरवरी के मध्य कार्यालय अवधि में अपने विकास खण्ड के राजकीय बीज गोदाम पर आधार कार्ड व बैंक खाते के विवरण के साथ पहुंचकर अपना डाटा ठीक करा सकते हैं। इसके अतिरिक्त अन्य समस्या होने पर भी किसान समाधान दिवस में मदद प्राप्त कर सकते हैं।

सूर्य प्रताप शाही ने बताया कि जिन किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजनांतर्गत कम से कम एक किश्त प्राप्त हुयी है, किन्तु उनका आधार संख्या या नाम त्रुटिपूर्ण है, तो ऐसे किसानों का विवरण सम्बन्धित बैंक से प्राप्त कर, उनका शत प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित कराकर डाटा दुरूस्त कराये जाने के निर्देश दिये गये हैं। यह भी कहा गया है कि प्रतिदिन अनुश्रवण करते हुये लम्बित समस्त प्रकरणों का समाधान कराया जाए। इस हेतु कृषि विभाग तथा अन्य विभागों में कार्यरत कम्प्यूटर आपरेटरों को यथा-आवश्यकता 03 दिन के लिये राजकीय बीज गोदाम पर तैनात किया जाए।

कृषि मंत्री ने बताया कि किसानों के कल्याण के लिये संचालित प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अन्तर्गत आधार आथेन्टिकेशन अनिवार्य हो जाने के कारण काफी संख्या में ऐसे किसानों, जिनका आधार संख्या इनवैलिड है अथवा आधार कार्ड में उल्लिखित नाम के अनुसार डाटा बेस में नाम फीड नहीं हुआ है, उनकी किसान सम्मान निधि का भुगतान भारत सरकार द्वारा रोक दिया गया है। ऐसे प्रकरणों के निस्तारण हेतु ‘‘पीएम किसान समाधान दिवस’’ के रूप में 03 दिवसीय अभियान चलाया जा रहा है।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button
btnimage