अब जनपथ एवं भैंसाकुण्ड में भी बनेगा आधुनिक सुलभ शौचालय

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के विधायी एवं न्याय, ग्रामीण अभियन्त्रण के मंत्री ब्रजेश पाठक ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि लखनऊ स्थित मध्य विधान सभा क्षेत्र के विकास संबंधित सभी परियोजनाओं को प्राथमिकता पर पूर्ण कराएं। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जो विकास से संबंधित कार्यपूर्ण हो चुके है उनकी तिथि निर्धारित कर लोकार्पण की कार्यवाही अतिशीघ्र कराएं।


विधायी एवं न्याय मंत्री ने अपने कार्यालय कक्ष सं0-91 में मध्य विधान सभा क्षेत्र के विकास संबंधित कार्यों की नगर निगम के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि कराए जा रहे कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता पर विशेष ध्यान दिया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की उदासीनता न बरती जाए। उन्होंने कहा कि मध्य विधान सभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास में कोई कमी न होने पाए।


मंत्री ने कहा कि लखनऊ प्रदेश की राजधानी है प्रदेश के विभिन्न अंचलों से लोगों का आवागमन बना रहता है। राज्य सरकार आम जनमानस को बुनियादी सुविधायें उपलब्ध कराने के लिए कटिबद्ध है। इस लिए सभी विकास कार्य मानक के अनुरूप कराये जाए। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों से कहा कि मानसून के दौरान जलभराओं की समस्या को स्थायी समाधान की व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि लखनऊ को स्मार्ट सिटी का दर्जा मिला हुआ है। इसके लिए मध्य विधानसभा क्षेत्र में जो विकास योजनायें निर्माणाधीन है, उनको समय से पूरा कराया जाए।


विधायी एवं न्याय मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि हजरतगंज एवं भैंसाकुंड में मेनरोड पर आधुनिक सुलभ शौचालय की अत्यन्त आवश्यकता है। उन दोनों जगहों पर एक-एक आधुनिक सुलभ शौचालय के लिए स्थान चिन्हित कर तत्काल कार्य शुरू कराया जाए। जिससे आम जनता को सहूलियत मिल सके। उन्होंने कहा कि लम्बित कार्यों को समय से पूरा करायें।


विधायी एवं न्याय मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि बरसात के मौसम में सीवर लाइन एवं नाली की सफाई नियमित रूप से कराएं। मेनहोल के ढक्कन खुले नहीं होने चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए है कि बरसात का पानी एकत्रित न होने पाए, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की कठिनाइयों का सामना न करना पड़े। नाली एवं नालों की सफाई भी करायी जाए।


इस बैठक में नगर आयुक्त अजय कुमार द्विवेदी, मुख्य अभियन्ता नगर निगम मनीश वर्मा, अधिशासी अभियन्ता अमर नाथ सहित वरिष्ठ विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button
btnimage