मतदाता सूची से किसी भी पात्र लाभार्थी का नाम छूटने न पाये: मनोज कुमार

लखनऊ 10 नवम्बर, 2022
राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज कुमार ने पंचायत एवं नगरीय निकाय के समस्त जिलाधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि आगामी 18 नवम्बर को अन्तिम रूप से तैयार निर्वाचक नामावलियों का जन सामान्य के लिये प्रकाशन त्रुटिरहित कराने हेतु हर स्तर पर कार्यों की निगरानी कड़ी नजर से सुनिश्चित करायी जाये।
उन्होंने कहा कि निर्धारित तिथि 07 नवम्बर तक ड्राफ्ट के रूप के प्रकाशित निर्वाचन नामावली में प्राप्त दावे एवं आपत्तियां का निस्तारण आगामी 12 नवम्बर तक का कराया जाना सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि आगामी 14 से 17 नवम्बर तक दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण के उपरान्त पूरक सूचियों की पाण्डुलिपियों की तैयारी तथा उन्हें मूल सूची में यथास्थान समाहित करने की कार्यवाही सुनिश्चित करायी जाये।
आयुक्त राज्य निर्वाचन आयोग ने आज वीडियो कॉन्फ्रेन्सिंग के माध्यम से आगामी नगरीय निकाय सामान्य निर्वाचन 2022 की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि यह अवश्य सुनिश्चित किया जाये कि कोई भी पात्र लाभार्थी मतदाता सूची से छूटने न पाये।
मनोज कुमार ने जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिये कि आगामी नगरीय निकाय सामान्य निर्वाचन 2022 हेतु आवश्यकतानुसार कार्मिकों का डाटाबेस समय से तैयार करा लिया जाये। उन्होंने कहा कि नगर निकाय सामान्य निर्वाचन में वर्तमान में तैनात कर्मियों के निर्धारित कार्यों का अलग-अलग स्तर पर अनुश्रवण सुनिश्चित कराकर समस्त अवशेष कार्य पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित कराये जायें, ताकि किसी भी व्यक्ति नगरीय निकाय चुनाव के कार्यों के बारे में उंगली उठाने का अवसर पर न मिले।
वीडियो कॉन्फ्रेन्सिंग में राज्य निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों सहित बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, बदायूं, फर्रुखाबाद, कन्नौज, इटावा, औरैया, कानपुर नगर, कानपुर देहात, जालौन, ललितपुर, झांसी, महोबा, हमीरपुर, बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, कौशाम्बी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, रायबरेली, उन्नाव, हरदोई, लखनऊ, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, अमेठी, बाराबंकी, सुल्तानपुर, अम्बेडकरनगर, अयोध्या, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोण्डा, बस्ती एवं सिद्धार्थ नगर जनपदों में तैनात जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी उपस्थित थे।अवशेष जनपदों के जिला निर्वाचन अधिकारियों को वीडियो कॉन्फ्रेन्सिंग के माध्यम से कल समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिये जायेंगे।








