दोषियों पर कार्यवाही के लिए व्यापारियों ने दिया ज्ञापन

झाँसी।
ब्यूरो चीफ : अभिषेक तिवारी।
जनपद के थाना सीपरी बाजार क्षेत्र में भोजला थोक मंडी की आढ़त में चार दिन पूर्व नगर के प्रतिष्ठित गल्ला व्यापारी की फांसी पर लटकी लाश मिली थी इस मामले ने उस समय तूल पकड़ लिया जब परिजनों ने सीपरी बाजार थाने में तहरीर देते हुए आरोप लगाया कि जमीन की रंजिश के चलते मंडी व्यापारी की हत्या कर शव फांसी पर लटकाया गया था। मृतक के पुत्र ने ग्राम राधापुर ओरछा मप्र निवासी आधा दर्जन लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की है।
बीती 19 मार्च को शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पंचकुइयां निवासी प्रतिष्टित गल्ला व्यापारी कैलाश गुप्ता का शव झाँसी की भोजला मंडी में स्थित उसकी आड़त की दुकान में फंदे पर झूलता हुआ मिला था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया था। मंगलवार को मृतक व्यापारी कैलाश गुप्ता के पुत्र हरि अवधेश गुप्ता ने सीपरी बाजार थाने में पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके पिता का राधापुर ओरछा मप्र निवासी गंगाराम कुशवाहा, दिलीप कुशवाहा, बृजमोहन जोशी, ज्ञानवती, संजीव जोशी, जितेंद जोशी, रती आदिवासी व उसके लड़कों चन्दन, भानु व बादाम आदि से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। उसके पिता को झूठे मुकदमे में कुछ दिन पूर्व जेल भिजवाया गया था। जेल से वह जमानत पर छूट कर आए थे।
आरोपी मृतक की जमीन पर कब्जा करने की साजिश रच रहे थे। जिसको लेकर व्यापारी कैलाश गुप्ता हमेशा परेशान रहते थे वही पुत्र ने बताया कि घटना की रात भी उन्ही लोगों ने पिता को सुलह की बात करने के लिए मंडी बुलाया था। रात लगभग 10 बजे उन लोगो ने हमारे पिता को फोन किया तो उन्होंने बताया था कि उक्त लोगों से बात कर रहे हैं जल्द घर वापस आएंगे। इसके बाद लगभग 11 बजे फिर बात की तो उन्होंने यही बताया था कि उन लोगों से बात चल रही है। इसके बाद देर रात तक नहीं लौटने पर फोन लगाया तो फोन बंद मिला। जब वह सुबह अपने नोकर के साथ मंडी पहुँचा तो उसके पिता का शव आढ़त में दुकान में फांसी पर लटकता मिला।
आरोप लगाया गया कि उन्ही लोगों द्वारा पिता कैलाश गुप्ता की हत्या कर शव लटका दिया गया। पुत्र ने दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग की।








