महापौर और विधायक ने अमर शहीद हेमू कालाणी की प्रतिमा के नवीकरण का उद्घाटन किया

लखनऊ।
अमर शहीद हेमू कालाणी की 78वीं पुण्यतिथि पर महापौर संयुक्ता भाटिया, मंत्री बृजेश पाठक, विधायक सुरेश तिवारी, सिंधी अकादमी के उपाध्यक्ष नानक चंद्र लखमानी ने नाका चौराहे पर उनकी प्रतिमा के नवीकरण का उद्घाटन कर शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस मौके पर महापौर संग अतिथिगणों ने हेमू कालाणी की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया।
इस मौके पर महापौर संयुक्ता भाटिया ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में भारत माता के अनगिनत सपूतो ने अपने प्राणों की आहुति देकर भारत माता को गुलामी की जंजीरों से आजाद कराया है। गुलामी की जंजीरों में जकड़ी भारत माता को आजाद कराने में हेमू कालाणी के योगदान को कभी नही भुलाया जा सकता है।
महापौर ने आगे कहा कि हेमू किशोर अवस्था में ही अपने साथियों के साथ भारत के स्वतंत्रता संग्राम में कूद पड़े थे। उन्होंने देश के लिए बड़ी कम उम्र में ही अपने प्राणों को न्योछावर कर दिया, आज अगर हम आजाद है तो हेमू कालाणी जैसे क्रांतिकारियों की वजह से ही हम आजादी की सांस ले रहे है, हमारी हर स्वास उनकी कर्जदार है। महापौर ने आगे कहा कि इस प्रतिमा से आने वाले पीढ़ी को प्रेरणा प्राप्त होगी।








