काकोरी में 40 बीघा जमीन पर चल रही अवैध प्लाटिंग पर गरजा एलडीए का बुलडोजर

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-3 की टीम ने दो स्थानों पर की कार्यवाही

निजी विकासकर्ताओं द्वारा स्थल पर अवैध रूप से विकसित की गई सड़कें, बाउंड्रीवॉल, साइट ऑफिस आदि को ध्वस्त किया गया

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा शहर में अवैध निर्माण/प्लाटिंग के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही किये जाने के निर्देशों के क्रम में सोमवार को प्रवर्तन जोन-3 की टीम ने काकोरी क्षेत्र में अभियान चलाया। इस दौरान दो स्थानों पर लगभग 40 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की गयी।


प्रवर्तन जोन-3 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि मो0 असलम व अन्य द्वारा काकोरी में मौदा रोड पर आई0टी0आई के सामने लगभग 25 बीघा क्षेत्रफल में अवैध रूप से प्लाटिंग का कार्य करते हुए अवध स्टेट नाम से कालोनी विकसित की जा रही थी।

इसके अलावा अखण्ड सिंह, दानिश व अन्य द्वारा मौदा रोड के बायें किनारे पर अखण्ड राज मैरिज लॉन के पहले लगभग 15 बीघा क्षेत्रफल में अवैध रूप से प्लाटिंग की गयी थी। प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृत कराये बिना दोनों स्थानों पर की जा रही अवैध प्लाटिंग के विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए ध्वस्तीकरण के आदेश पारित किये गये थे।

अनुपालन में सहायक अभियंता अनिल कुमार के नेतृत्व में अवर अभियंता भानु प्रकाश वर्मा, भरत पाण्डेय, प्रमोद कुमार पाण्डेय द्वारा प्राधिकरण पुलिस व स्थानीय थाने के पुलिस बल के सहयोग से अवैध प्लाटिंग के ध्वस्तीकरण की कार्यवाही करायी गयी।

इस दौरान दोनों जगहों पर डेवलपर द्वारा स्थल पर विकसित की गयी सड़कें, नाली, बाउन्ड्रीवॉल, साइट ऑफिस, बिजली के खम्भे आदि को ध्वस्त कर दिया गया।

Related Articles

Back to top button
btnimage