एलडीए जोन-3: काकोरी में दूसरे दिन भी तीन अवैध प्लाटिंग पर चला बुलडोजर

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-3 की टीम ने की कार्यवाही
निजी विकासकर्ताओं द्वारा स्थल पर अवैध रूप से विकसित की गयी सड़कें, नाली, बाउन्ड्रीवॉल, साइट ऑफिस आदि को ध्वस्त किया गया
लखनऊ विकास प्राधिकरण ने काकोरी में लगातार दूसरे दिन बड़ी कार्यवाही करते हुए तीन अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाया। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-3 की टीम ने 40 बीघा से अधिक क्षेत्रफल में की जा रही अवैध प्लाटिंग के ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की। इस दौरान निजी विकासकर्ताओं द्वारा स्थल पर अवैध रूप से विकसित की गयी सड़कें, नाली, बाउन्ड्रीवॉल, साइट ऑफिस व बिजली के खम्भे आदि धाराशायी कर दिये गये।
प्रवर्तन जोन-3 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि मनोज कुमार व अन्य द्वारा काकोरी में समदा ताल के आगे लगभग 05 बीघा क्षेत्रफल में अवैध रूप से प्लाटिंग का कार्य करते हुए वेलकम सिटी (न्यू फेज) नाम से कालोनी विकसित की जा रही थी। इसी तरह विक्की व अन्य द्वारा काकोरी में मौदा रोड के बायें किनारे पर सीमेन्ट गोदाम के सामने लगभग 20 बीघा क्षेत्रफल में अवैध प्लाटिंग करायी गयी थी। इसके अलावा राजू यादव व अन्य द्वारा काकोरी में मौदा रोड पर यूनीवर्सल सिटी कॉन्वेंट स्कूल के मोड़ पर 15 बीघा से अधिक क्षेत्रफल में अवैध रूप से प्लाटिंग का कार्य करते हुए भूखण्ड बेचे जा रहे थे।
प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृत कराये बिना तीनों स्थानों पर की जा रही अवैध प्लाटिंग के विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए ध्वस्तीकरण के आदेश पारित किये गये थे। इसके अनुपालन में मंगलवार को सहायक अभियंता अनिल कुमार के नेतृत्व में अवर अभियंता भानु प्रकाश वर्मा, भरत पाण्डेय, प्रमोद कुमार पाण्डेय व संजय शुक्ला द्वारा प्राधिकरण पुलिस व स्थानीय थाने के पुलिस बल के सहयोग से तीनों अवैध प्लाटिंग के ध्वस्तीकरण की कार्यवाही करायी गयी।








