LDA Update : लोहिया पार्क में गंदगी मिलने पर सुपरवाइजर समेत पांच कर्मचारी निलम्बित

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने शुक्रवार सुबह गोमती नगर स्थित राम मनोहर लोहिया पार्क का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पार्क में कूड़ा बिखरा मिलने पर उपाध्यक्ष ने जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए कड़ी कार्यवाही की। उन्होंने सुपरवाइजर समेत पांच कर्मचारियों को निलम्बित कर दिया, साथ ही सहायक उद्यान अधिकारी मोहम्मद इमरान को प्रतिकूल प्रवृष्टि दी है।
स्मारक समिति के प्रबंधक (प्रशासन) डाॅ0 आशीष कुमार ने बताया कि ल.वि.प्रा उपाध्यक्ष/सदस्य सचिव, स्मारक समिति डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा सुबह छह बजे लोहिया पार्क का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पार्क में जगह-जगह पाॅलीथीन एवं पानी की खाली बोतलें बिखरी हुयी पायी गयीं। इसके अलावा कुछ जगहों पर गंदगी का ढेर लगा मिला, जिससे यह प्रतीत हो रहा था कि कई दिनों से पार्क में सफाई नहीं करायी गयी।
इस पर उपाध्यक्ष द्वारा पार्क में तैनात कर्मचारियों तथा पर्यवेक्षण अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए अनुशासनिक कार्यवाही की गयी। इस क्रम में स्पेशल सेल में तैनात सुपरवाइजर शशिकांत गुप्ता, मेट विजय बहादुर पटेल, सफाई कर्मचारी चम्पा देवी, सफाई कर्मचारी राज किशोर हेला एवं सफाई कर्मचारी राजकुमार कनौजिया को निलम्बित किया गया है। इसके अतिरिक्त सहायक उद्यान अधिकारी मोहम्मद इमरान को प्रतिकूल प्रवृष्टि दी गयी है। उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए निर्देश दिये हैं कि तीन दिन के अंदर पार्क की सफाई व्यवस्था को दुरूस्त कर लिया जाए।
जोनल पार्क का भी किया निरीक्षण
लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने कानपुर रोड योजना स्थित जोनल पार्क का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को पार्क की साफ-सफाई के सम्बंध में जरूरी दिशा-निर्देश दिये। उपाध्यक्ष ने सहायक अभियंता अजय गोयल को निर्देशित किया कि पूरे पार्क का सर्वे करा लिया जाए तथा जहां-जहां पत्थर टूटे/उखड़े हैं, उनकी मरम्मत करा ली जाए। इसके अलावा उन्होंने निर्देश दिये कि टेंडर कराकर पार्किंग का संचालन कराया जाए तथा जिस एजेंसी को फूड कोर्ट के संचालन का ठेका मिला है, उससे समन्वय स्थापित करके अगले माह से फूड कोर्ट शुरू करा दिया जाए।

Related Articles

Back to top button
btnimage