#LDA : जी-20 समिट को लेकर कराये गये कार्यों के सत्यापन के लिए कमेटी गठित

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने जारी किये आदेश, सत्यापन रिपोर्ट पर सम्बंधित ठेकेदारों के भी होंगे साइन
जी-20 शिखर सम्मेलन के दृष्टिगत शहर में कराये गये विकास व सौंदर्यीकरण के कार्यों का थर्ड पार्टी आडिट के साथ ही कार्यों का भौतिक सत्यापन भी कराया जाएगा। लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने इस सम्बंध में आदेश जारी करते हुए चार अलग-अलग कमेटियों का गठन किया है।
उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि जी-20 समिट के मद्देनजर प्राधिकरण द्वारा शहर में कराये गये औद्यानिक, विद्युत व सिविल आदि के कार्यों के भौतिक सत्यापन के लिए चार कमेटी गठित की गयी हैं। उक्त समितियां कार्यों के व्ययानुमान के साथ ही सम्बंधित से एम0बी0 पर अंकित कराते हुए एक सप्ताह में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी, जिसमें सम्बंधित ठेकेदार के भी साइन होंगे। कमेटी के सत्यापन व थर्ड पार्टी आॅडिट के बाद ही सम्बंधित कार्यों के सापेक्ष ठेकेदारों का भुगतान किया जाएगा।
उपाध्यक्ष ने बताया कि इस क्रम में औद्यानिक कार्यों के सत्यापन के लिए सचिव पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में वित्त नियंत्रक दीपक सिंह, मुख्य अभियंता अवधेश तिवारी, जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी, अधिशासी अभियंता अवनीन्द्र कुमार सिंह एवं संजीव कुमार गुप्ता की कमेटी गठित की गयी है। इसी तरह 10 लाख रूपये तक के कार्यों के भौतिक सत्यापन के लिए अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा के नेतृत्व में जोनल अधिकारी अरूण कुमार सिंह, देवांश त्रिवेदी, अधिशासी अभियंता नवनीत शर्मा, अवर अभियंता अशोक कुमार एवं राकेश चन्द्र गुप्ता की कमेटी गठित की गयी है।
इसके अतिरिक्त विद्युत के सम्बंध में कराये गये स्थायी कार्यों के सत्यापन के लिए सचिव पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में विशेष कार्याधिकारी श्रद्धा चौधरी, मुख्य अभियंता अवधेश तिवारी, अधीक्षण अभियंता अजय कुमार सिंह व उप सचिव माधवेश कुमार की कमेटी गठित की गयी है। वहीं, विद्युत के अस्थायी कार्यों के सत्यापन के लिए गठित की गयी कमेटी में अधीक्षण अभियंता अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में अधिशासी अभियंता मनोज सागर, अधिशासी अभियंता सुनील कुमार जैन व सहायक अभियंता भगत सिंह को सदस्य के रूप में नामित किया गया है।








