LDA: ई-ऑक्शन में प्रतिभाग हेतु आवेदकों की सुविधा के लिए प्राधिकरण में लगा शिविर

लखनऊ विकास प्राधिकरण अपनी विभिन्न योजनाओं में स्थित व्यावसायिक सम्पत्तियों को ई-ऑक्शन के माध्यम से विक्रय करने जा रहा है। ई-ऑक्शन में प्रतिभाग करने के इच्छुक लोगों की सुविधा के लिए आज शनिवार को प्राधिकरण भवन के भूतल स्थित कमेटी हाल में एक शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें अधिकारियों द्वारा लोगों को ई-ऑक्शन से सम्बन्धित समस्त जानकारी दी गई। जन सामान्य की सुविधा के लिए यह शिविर 18 अक्टूबर एवं 20 अक्टूबर, 2021 को भी प्राधिकरण भवन में लगाया जायेगा।

प्राधिकरण के सचिव पवन कुमार गंगवार ने बताया कि व्यावसायिक भूखण्डों का ई-ऑक्शन दिनांक 26.10.2021 को होगा, जिसमें प्रतिभाग किये जाने हेतु आवेदक को ई-ऑक्शन की वेबसाइट पर दिनांक 20.10.2021 तक पंजीकरण कराना है। इसी तरह दुकानों का दिनांक 29.10.2021 को होना है, जिसमें प्रतिभाग किये जाने हेतु आवेदक को ई-ऑक्शन की वेबसाइट पर दिनांक 23.10.2021 तक पंजीकरण कराना अनिवार्य है। ई-ऑक्शन में प्रतिभाग करने के इच्छुक लोगों को किसी तरह की असुविधा न हो और उन्हें एक ही पटल पर सम्पत्तियों और ई-ऑक्शन की समस्त जानकारी प्राप्त हो सके। इसके लिए प्राधिकरण भवन में यह विशेष शिविर लगाया गया है। शनिवार को शिविर के पहले दिन बड़ी संख्या में आये लोगों ने नीलामी के लिए उपलब्ध सम्पत्तियों और ई-ऑक्शन में प्रतिभाग करने हेतु पंजीकरण कराने की जानकारी प्राप्त की।

सचिव ने बताया कि इस शिविर में मुख्य अभियंता की ओर से नामित सहायक अभियंता/अवर अभियंता/सुपरवाइजर उपस्थित रहेंगे, जोकि इच्छुक आवेदकों को मौके पर ले जाकर सम्पत्ति स्थल का भ्रमण करायेंगे। इसके अलावा नियोजन विभाग के अधिकारी भी शिविर में उपस्थित रहेंगे, जोकि आवेदकों को ई-ऑक्शन में प्रस्तावित सम्पत्तियों को मानचित्र पर दिखायेंगे। शिविर में कम्प्यूटर अनुभाग के कर्मचारी भी मौजूद रहेंगे, जोकि ई-ऑक्शन की वेबसाइट पर पंजीकरण कराने आये आवेदकों का उनके द्वारा पसंद की गई सम्पत्तियों में पंजीकरण करायेंगे।

Related Articles

Back to top button
btnimage