कार्य में लापरवाही बरतनें पर जूनियर इंजीनियर कोे मुख्यालय से सम्बद्ध करने के निर्देश : रौशन जैकब

नगर निगम द्वारा सभी कार्य समय से व गुणवत्तापूर्ण कराये जाये-मण्डलायुक्त
मुख्य मार्गों पर दो दिन से ज्यादा स्ट्रीट लाइटें खराब न रहे-मण्डलायुक्त
लखनऊ 11 नवम्बर 2022
मण्डलायुक्त डा0 रौशन जैकब की अध्यक्षता में लखनऊ स्मार्ट सिटी के कार्यों, नगर निगम द्वारा किये जा रहे कार्यों की समीक्षा बैठक आयुक्त सभागार में आयोजित की गयी।
मण्डलायुक्त ने सर्वप्रथम आर0आर0 विभाग के संसाधनों/मशीनों के बारे में सम्बन्धित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। सम्बन्धित अधिकारी द्वारा बताया गया कि 162 बीन्स नये लेने के लिये आर्डर किये गये है। कूड़े उठाने वाले 155 रिक्सा ट्राली, 540 हत्थे ठेले क्रय किये जाने की कार्यवाही की गई है, जिसके सापेक्ष 50 हत्थे ठेले नगर निगम को प्राप्त हो चुके है।
बैठक के दौरान सम्बन्धित अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि मशीनों की मरम्मत में अधिक समय न लगें, जो भी मशीनें खराब होती है उनकी मरम्मत कराने में एक हफ्ते से अधिक समय न लगे। उन्होंने कहा कि मशीनों/संसाधनों की खरीद में तेजी लायी जाये। जोन वाइज जेड0एस0ओ0 से जानकारी लिया कि कितनी मशीनें कार्य कर रही है और कितने की आवश्यकता है।
मण्डलायुक्त ने कहा कि जो भी संसाधनों की कमी है उसको तत्काल जेम पोर्टल के माध्यम से क्रय किये जाने की कार्यवाही तत्काल अमल में लायी जाये। इसमें किसी प्रकार की हिलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जायेगी। साथ ही ट्रांसफर स्टेशन ग्वारी, ट्रांसफर स्टेशन पुरनिया की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि ट्रांसफर स्टेशन को चारों तरफ अच्छे से बाउण्ड्री का निर्माण कराकर ठीक करा लिया जाये। उन्होंने नगर निगम को सभी कार्य समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिये।
बैठक में स्ट्रीट लाइट की समीक्षा के दौरान जूनियर इंजीनियर श्री टंडन की लापरवाही मिलने पर उसको तत्काल सम्बन्धित स्थान से स्थानान्तरित करके मुख्यालय सम्बद्ध करने के निर्देश दिये। मण्डलायुक्त ने कहा कि मुख्य मार्गों पर दो दिन से ज्यादा स्ट्रीट लाइट खराब न रहे। उन्होंने कहा कि सुधार तत्काल होना चाहिये। मशीनों/मैनपावर की बढ़ोत्तरी करने के निर्देश दिये। उन्होंने जल निगम, स्मार्ट सड़कों के बारे में विधिवत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सड़कों में जो भी छोटी-मोटी कमियां है उसको सही करा लिया जाये।
इस अवसर पर नगर आयुक्त इन्द्रजीत सिंह, लखनऊ विकास प्राधिकरण (सचिव) पवन गंगवार, अपर नगर आयुक्त अभय पाण्डेय, मुख्य अभियन्ता सिविल महेश वर्मा सहित सम्बन्धित विभाग के अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।








