धर्म रक्षा संघ का बांकेबिहारी मंदिर को खुलवाने हेतु अनिश्चितकालीन धरना समाप्त

मथुरा (वृंदावन)।
धर्म रक्षा संघ का बांकेबिहारी मंदिर को खुलवाने हेतु अनिश्चितकालीन धरना व्यापारी नेता रविकांत गर्ग ने साधु-संतों, धर्माचार्य, बांकेबिहारी मंदिर के गोस्वामियों एवं श्रद्धालुओं की उपस्थिति में समाप्त कराया। उपस्थित सभी लोगों ने श्री बांकेबिहारी लाल का जयघोष करके प्रसन्नता व्यक्त की।
भाजपा नेता रविकांत गर्ग ने कहा कि धर्म एवं संस्कृति की रक्षा और धार्मिक कार्यों में जब भी आवश्यकता होती है तो धर्म रक्षा संघ अपनी सक्रिय और सकारात्मक भूमिका निभाने से पीछे नहीं हटता। संघ के राष्ट्रीय प्रभारी महामंडलेश्वर स्वामी रूद्रदेवानंद ने कहा कि धर्म रक्षा संघ ने बांकेबिहारी मंदिर के दर्शन खुलवाने के लिए जो बीड़ा उठाया था, वह आज पूरा हो चुका है।
संघ के अध्यक्ष सौरभ गौड़ ने कहा कि बांकेबिहारी के दर्शन को अचानक बंद करना एक बड़ी साजिश का हिस्सा है। धर्म रक्षा संघ किसी भी हालत में बांकेबिहारी मंदिर पर सरकारी नियंत्रण नहीं होने देगा। संघ के राष्ट्रीय महामंत्री श्रीदास प्रजापति ने कहा कि इस अनिश्चितकालीन धरने को जिस प्रकार से समाज के सभी वर्गों और अनेक संगठनों का समर्थन मिला। उससे हमें एक नई ऊर्जा प्राप्त हुई है।








