प्रेमिका ने अपने प्यार को हासिल करने के लिए खाकी की चौखट पर दी दस्तक

हरदोई।
जनपद हरदोई के पाली में प्रेमिका ने अपने प्यार को हासिल करने के लिए खाकी की चौखट पर दस्तक दी। फौजी प्रेमी को थाने थाने पर बुलाकर करवाई शादी। दो सजातीय प्रेमी युगल के प्रेम के बीच जब आर्थिक असमानता व परिवार आड़े आया तो प्रेमिका ने अपने प्यार को हासिल करने के लिए खाकी की चौखट पर दस्तक दी।
पुलिस ने बालिग प्रेमिका की भावनाओ को समझकर फौजी प्रेमी को थाने बुलाया और सात साल के प्रेम का वास्ता देकर फौजी को सामाजिक रिश्तों का बोध कराते हुए बीच मंझधार में छोड़ने पर कार्यवाई की चेतावनी दी, जिसके बाद प्रेमी और उसके परिवार ने युवती को अपनाने की हामी भरी। सुलहनामा लिखने के बाद खाकी के प्रयासों के बाद प्रेमी और प्रेमिका की अमिरता के लक्ष्मणदास बाबा आश्रम पर विवाह हुआ। थानाध्यक्ष विनोद कुमार गोस्वामी के आर्शीवाद के बाद दोनों ने पति-पत्नी के रूप में अपना दाम्पत्य जीवन शुरू किया।
पाली नगर से सटे ग्राम भगवंतपुर के आकाश पुत्र रमेश सक्सेना का सात साल पहले रेनू पुत्री स्व0 प्रेमपाल सक्सेना से इश्क हो गया। यह प्रेम दिनों दिन परवान चढ़ता रहा। आकाश का रेनू के घर और रेनू का आकाश के घर लगातार आना जाना शुरू हो गया। तीन साल पहले आकाश सेना में भर्ती हो गया। आकाश के पिता आलू के बड़े कारोबारी हैं। जबकि रेनू के पिता की मृत्यु हो चुकी हैं और उसका परिवार आर्थिक रूप से भी कमजोर हैं। इसी आर्थिक असमानता के चलते व फौजी बेटे का धूमधाम से विवाह करने की इच्छा के चलते आकाश के परिवार ने रेनू से आकाश की शादी करने से इंकार कर दिया।
यह बात जब रेनू को पता चली तो उसने एक शिकायती पत्र देकर थानाध्यक्ष विनोद कुमार गोस्वामी से इंसाफ की गुहार लगाई। पुलिस ने आकाश के परिवार पर को थाने बुलाया और उसका पक्ष जाना। लेकिन जब परिवार सहमत होता नहीं दिखा तो पुलिस ने आकाश के परिजनों को महिला उत्पीड़न के आरोप में कार्यवाई की चेतावनी दी। कार्यवाई के भय से आकाश के परिजनों से सुलह कर शादी की सहमति दे दी।
जिसके बाद थानाध्यक्ष गोस्वामी के प्रयासों से अमिरता के बाबा लक्ष्मणदास आश्रम पर दोनों की शादी सम्पन्न हुई। इस दौरान लड़की पक्ष से अनेक परिजन और उसकी माँ शामिल हुई जबकि आकाश की ओर से सिर्फ उसका भाई शामिल हुआ। फिलहाल खाकी के प्रयासों से एक प्रेमी युगल को उनका प्यार हमेशा के लिए मिल सका। इस शादी की पाली नगर में काफी चर्चा रही।







