एलडीए में लंबित नहीं रहेंगी फाइलें-प्रार्थना पत्र, प्रत्येक शनिवार को होगा ‘सिंगल टेबल क्लीयरेंस डे’

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने जनहित में जारी किये आदेश, प्राधिकरण के समस्त अनुभागों में इसी सप्ताह से होगा लागू

प्रत्येक पटल पर लंबित फाइलों की एक दिन पहले तैयार होगी सूची, शनिवार को उपाध्यक्ष की निगरानी में होगा समस्त पत्रावलियों का निस्तारण

लंबित फाइलों की जानकारी छुपाने और निस्तारण में विलम्ब होने पर सम्बंधित अधिकारी/कर्मचारी पर होगी कार्यवाही

लखनऊ विकास प्राधिकरण में अब फाइलों व प्रार्थना पत्रों का निस्तारण एक सप्ताह के अंदर होगा। इसके लिए सप्ताह के प्रत्येक शनिवार को ‘सिंगल टेबल क्लीयरेंस डे’ का आयोजन किया जाएगा। आम जनता के काम में देरी न हो और उन्हें अनावश्यक रूप से प्राधिकरण के चक्कर न लगाने पड़े, इसके लिए प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने यह आदेश जारी किये हैं। यह आदेश प्राधिकरण के समस्त अनुभागों में लागू होगा।

 

उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि पूर्व में उनके द्वारा विभिन्न अनुभागों का औचक निरीक्षण किया गया था, जिसमें कुछ अनुभागों में फाइलें लंबित पायी गयी थीं। इसके अतिरिक्त जन सम्पर्क के दौरान प्रायः कुछ लोगों द्वारा शिकायत की जा रही थी कि उनके कार्य में अनावश्यक रूप से विलम्ब हो रहा है, जिसके कारण उन्हें बार-बार प्राधिकरण के चक्कर लगाने पड़ते हैं। इस तरह की समस्या को खत्म करने के लिए प्राधिकरण में ‘सिंगल टेबल क्लीयरेंस डे’ की शुरूआत की जा रही है, जोकि सप्ताह के प्रत्येक शनिवार को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक मसऊद हाॅल में आयोजित किया जाएगा। इससे म्यूटेशन, फ्री-होल्ड समेत जनहित गारंटी से सम्बंधित प्रकरणों व जनसंपर्क के दौरान प्राप्त होने वाले आवेदनों पर समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करायी जा सकेगी।

 

एक दिन पहले तैयार होगी फाइलों की सूची

उपाध्यक्ष ने बताया कि ‘सिंगल टेबल क्लीयरेंस डे’ के अंतर्गत सभी अनुभागाध्यक्ष अपने पटल की समस्त लंबित पत्रावलियों को उनके समक्ष प्रस्तुत करते हुए इनके निस्तारण की कार्यवाही मौके पर ही करेंगे। यह प्रक्रिया शत प्रतिशत अमल में आये, इसके लिए अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा को यह जिम्मेदारी सौंपी गयी है कि वह शुक्रवार की शाम तक प्रत्येक पटल पर लंबित फाइलों की सूची तैयार कराएंगे। सूची में उल्लेखित सभी फाइलों को ‘सिंगल टेबल क्लीयरेंस डे’ पर निस्तारित कराया जाएगा।

 

लंबित फाइलों की सूची छुपायी तो होगी कार्यवाही

उपाध्यक्ष ने बताया कि इस व्यवस्था का कड़ाई से पालन कराने के लिए उनके द्वारा समय-समय पर अनुभागों का औचक निरीक्षण किया जाएगा। इसमें यदि यह पाया गया कि ‘सिंगल टेबल क्लीयरेंस डे’ के लिए उपलब्ध करायी गयी सूची के अतिरिक्त कोई अन्य फाइल पटल पर लंबित है तो सम्बंधित के खिलाफ दण्डात्मक कार्यवाही की जाएगी। उपाध्यक्ष ने बताया कि सभी अनुभागाध्यक्ष अपने स्टाफ के साथ ‘सिंगल टेबल क्लीयरेंस डे’ पर लंबित पत्रावलियों के साथ उपस्थित होकर कार्यों का निष्पादन करायेंगे। इसके बाद भी अगर फाइलों के निस्तारण में विलम्ब पाया जाता है तो सम्बंधित अधिकारी/कर्मचारी के खिलाफ अनुशासनिक कार्यवाही की जाएगी।

Related Articles

Back to top button
btnimage