चुनाव के चंद महीने पहले जगा आबकारी विभाग, यूपी में अवैध शराब का कारोबार जोरों पर

संजय आर. भूसरेड्डी, अपर मुख्यर सचिव, आबकारी के आदेश के क्रम में दिनांक 26 अगस्त 2021 से 06 सितम्बर 2021 तक चलाये जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान में प्रदेश में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं तस्करी की रोकथाम के लिये लगातार दबिश एवं चेकिंग की कार्यवाही की जा रही है।

संजय आर. भूसरेड्डी, अपर मुख्य् सचिव, आबकारी द्वारा अवगत कराया गया कि अभियान के दौरान दिनांक 04-09-2021 तक प्रदेश में 2582 मुकदमे दर्ज किये गये, जिसमें 70,444 ली0 अवैध शराब बरामद की गयी तथा शराब बनाने हेतु तैयार किये गये 2,49,430 कि0ग्रा0 लहन को मौके पर नष्ट किया गया। अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त 956 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम एवं सुसंगत धाराओं के अन्तेर्गत मुकदमा पंजीकृत किये गये तथा 28 वाहन जब्त किये गये।

सेंथिल पांडियन सी, आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश द्वारा अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान में की गई कार्यवाही की जानकारी देते हुए अवगत कराया गया कि पिछले दिन जनपद अयोध्या में थाना कैन्ट क्षेत्रांतर्गत रेतिया एवं निर्मली कुण्ड में दविश दी गई इस कार्यवाही में 100 लीटर अबैध कच्ची शराब बरामद कर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।

जनपद पीलीभीत में तहसील पूरनपुर के सिरसा, पड़रिया, काधेरचौरा, बिलहरी, पाझावा और सिकराहना गावों में दबिश देकर 80 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद किया गया तथा 200 किग्रा लहन नष्ट किया गया।

जनपद अमेठी में ग्राम पूरे पासिन, विजय नगर व कटारी में छापेमारी की कार्यवाही करते हुए 42 ली अवैध कच्ची शराब व शराब बनाने के उपकरण बरामद किये गये तथा लगभग 1000 कि.ग्रा लहन मौके पर नष्ट करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया और कुल 05 अभियोग दर्ज किए गए। अभियान के दौरान जनपद बाराबंकी में अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री एक दर्जन ठिकानों पर छापेमारी की गयी, जिसमें 35 ली अवैध शराब  बरामद कर 3 अभियोग पंजीकृत किये गए और एक अभियुक्त गिरफ्तार किया गया।

जनपद प्रतापगढ़ के लालगंज तहसील के ग्राम हन्दौर एवं बल्दियान में दबिश देकर कुल 55 लीटर अवैध कच्ची शराब अपहृत की गई तथा 500 किलो लहन जब्त कर नष्ट किया गया। इसके साथ ही क्षेत्र में अवैध कच्ची शराब व संदिग्ध स्थलों से बिकने वाली शराब से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए अवैध शराब के अड्डों से शराब खरीदकर न पीने की अपील की गयी ।

आबकारी आयुक्त द्वारा अभियान की जानकारी देते हुए बताया गया कि जनपद शामली के ग्राम लपराना में एक व्यक्ति को 20 लीटर कच्ची शराब तथा दो पेटी अरुणाचल प्रदेश की अवैध शराब बेचते हुए पकड़ा गया। अभियुक्त एवं अवैध मदिरा को कब्जे में लेकर थाना झिंझाना में एफआईआर दर्ज कराकर अभियुक्त को जेल भेजा गया ।

जनपद  झाँसी में आबकारी, प्रशासन व पुलिस की संयुक्त टीमों द्वारा अवैध शराब निर्माण के डेरा नयाखेड़ा व फरीदा में दबिश देकर 315 लीटर कच्ची शराब बरामद किया गया और 2600 किग्रा लहन को मौके पर नष्ट किया गया। अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध थाना बबीना व गुरसराय में 04 अभियोग पंजीकृत कराये गये। जनपद बहराइच में प्रवर्तन अभियान के तहत थाना कोतवाली देहात अंतर्गत गांव गोसाईगंज, थाना बौंडी अंतर्गत गांव खैरा, थाना हरदी अन्तर्गत गांव पसियान पुरवा एवं थाना रामगांव अंतर्गत गांव पीपल घाट एवं मर्दानी घाट में दविश की कार्यवाही करते हुए कुल 72 लीटर  अवैध कच्ची शराब, 700 किलोग्राम लहन बरामद किया गया। दौरान 05 अभियोग दर्ज किए गए तथा मौके से 02 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। जनपद कन्नौज में दहलेपुर, पेंदाबाद, फिरोजपुर कटरी, शाहनगर, महादेवपुर, खानपुर में अवैध शराब के निर्माण के अड्डों पर छापेमारी की कार्यवाही कर 300 किग्रा लहन मौके पर नष्ट किया गया और 50 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद करते हुए पाँच अभियोग पंजीकृत किए गए और दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।

जनपद अमरोहा में हसनपुर थाना क्षेत्र के गांव अलीपुर,शाहपुर कला व गंगाचोली में दविश देकर लगभग 50 लीटर अवैध शराब व एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद कर तीन अभियोग दर्ज किया गया। जनपद संभल के ग्राम कथना में मुखविर खास के सूचना पर छापेमारी की कार्यवाही करते हुए एक ट्रक में 4003 नकली/ भरे हुए पौवे के साथ  03 अभियुक्त गिरफ्तार किया गया । गिरफ्तार व्यक्तियों के विरुद्ध थाना असमौली में आबकारी अधिनियम और आई पी सी की विभिन्न धाराओं में अभियोग दर्ज कराया गया।

आबकारी आयुक्त द्वारा बताया गया कि अभियान के अंतर्गत प्रदेश के समस्त जनपदों में आबकारी विभाग द्वारा पुलिस और प्रशासन का सहयोग लेते हुए अवैध शराब के निर्माण एवं विक्री के अड्डों पर छापेमारी की कार्यवाही जारी है। अन्य राज्यों से शराब की स्मगलिंग को रोकने हेतु राज्य की सीमाओं पर वाहनों की लगातार चेकिंग की जा रही है तथा निगरानी रखी जा रही है ।

Related Articles

Back to top button
btnimage