मंडल रेल प्रबंधक डॉ. मनीष थपल्याल ने लखनऊ-अयोध्या रेलखंड का किया निरीक्षण

रेलखंड की संरक्षा एवं स्टेशनों पर प्रगतिशील कार्यों का लिया जायजा
रेलवे का आधुनिकीकरण करते हुए तथा संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान करके मंडल पर आवागमन करने वाली रेल गाड़ियों एवं मालगाड़ियों के निर्बाध, सुरक्षित तथा समयबद्ध परिचालन को दृष्टिगत रखते हुए साथ ही वर्तमान समय में मंडल पर विकासशील प्रगति कार्यों का जायजा लेने के लिए आज दिनांक 27.07.23 को मंडल रेल प्रबंधक डॉ. मनीष थपल्याल ने मंडल के अन्य अधिकारियों तथा निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ विंडो ट्रेलिंग करते हुए लखनऊ-अयोध्या रेलखंड का गहन निरीक्षण किया तथा विंडो ट्रेलिंग के अंतर्गत उन्होंने उक्त रेल खंड के रेलपथ की संरक्षा, रेल बैलास्ट, ट्रैक स्क्रीनिंग, ओवरहेड ट्रैक्शन, एलाइनमेंट, काशन आर्डर एवं ट्रैक फिटिंग की संरक्षा परखी।

मंडल रेल प्रबंधक ने इस रेलखंड पर स्थित सालारपुर,अयोध्या कैंट एवं अयोध्या जं. स्टेशनों पर पहुंचकर इन स्टेशनों का गहन निरीक्षण किया एवं इस सम्बन्ध में अपने आवश्यक सुझाव एवं दिशा-निर्देश पारित किये I
मंडल रेल प्रबंधक ने सालारपुर स्टेशन के 750 मीटर के क्षेत्र में निर्माणाधीन गुड्स शेड के स्थल पर पहुंचकर इसका अवलोकन किया एवं इसके सुधार के सम्बन्ध में आवश्यक निर्देश पारित किये तथा संरक्षा सम्बन्धी व्यवस्थाओं का विधिवत जायजा लिया साथ ही उन्होंने सालारपुर एवं सोहावल के मध्य गेट संख्या 125 का निरीक्षण भी किया।
मंडल रेल प्रबंधक ने अयोध्या कैंट स्टेशन पर पहुँच कर स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार, निर्माणाधीन नई RRI बिल्डिंग, लोको पॉयलेट/ट्रेन मैनेजर के नये रनिंग रूम, गुड्स शेड एवं प्रस्तावित यार्ड री-मॉडलिंग के बारे में जानकारी प्राप्त करते हुए विस्तार से चर्चा की। इसके अतिरिक्त उन्होंने अयोध्या कैंट में ट्रैकमैन,शंटमैन, ESM एवं C&W कर्मचारियों के साथ संरक्षा संवाद करते हुए कर्मचारियों के संरक्षा संबंधी ज्ञान को परखा।

इसके उपरांत मंडल रेल प्रबंधक अयोध्या जं० स्टेशन पर पहुंचे तथा वहां उपस्थित RITES के अधिकारियों के साथ वार्ता करते हुए स्टेशन के 2nd फेज सम्बन्धी कार्यो से अवगत हुए एवं नई स्टेशन बिल्डिंग का भलीभांति अवलोकन किया साथ ही उन्होंने स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने यात्री-सुविधाओं का निरंतर उन्नयन करते रहने, स्वच्छता कार्यों को अपनाकर आदर्श वातावरण निर्मित करने एवं समस्त प्रगति कार्यों को निर्धारित समय पर पूर्ण गुणवत्ता के साथ संपन्न करने की अपेक्षा की।
इस निरीक्षण में निर्माण विभाग के अधिकारी, RITES के अधिकारियों सहित अन्य अधिकारीगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।








