उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जनता दर्शन में जनता की समस्याएं सुनीं

लखनऊ 08 फरवरी।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि समस्याग्रस्त हर व्यक्ति की समस्याओं का सार्थक व सकारात्मक समाधान किया जायेगा। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि जन समस्याओं का त्वरित व समयबद्ध समाधान किया जाना सरकार की प्राथमिकता और प्रतिबद्धता भी है, हम अपनी प्रतिबद्धताओं के अनुरूप जन समस्याओं के निराकरण का हर सम्भव प्रयास कर रहे हैं और हमारी कोशिश है कि जनता को सही समय से न्याय मिले। केशव मौर्य ने अपने सरकारी आवास 7 कालिदास मार्ग पर आयोजित जनता दर्शन में जनसमस्याएं सुनीं।
उप मुख्यमंत्री ने फरियादियों से सीधे संवाद करते हुये उनकी समस्याएं सुनीं व उनके समयबद्ध निस्तारण हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। जनता दर्शन में आज फरियादियों का भारी मजमा रहा। लखनऊ, बदायूं, फतेहपुर, इटावा, गाजीपुर, पीलीभीत, उन्नाव, कासगंज, अमेठी, बाराबंकी, कौशाम्बी, प्रयागराज, खीरी, रायबरेली, बस्ती, प्रतापगढ़ व अयोध्या सहित लगभग 02 दर्जन जिलों से आये लोगों ने अपनी विभिन्न प्रकार की समस्याएं रखी। कतिपय मामलों में उपमुख्यमंत्री ने बाराबंकी शाहजहांपुर, कौशाम्बी, प्रयागराज के जिलाधिकारियों, लखीमपुर-खीरी के पुलिस अधीक्षक व अन्य कई जनपदों के प्रमुख अधिकारियों से समस्याओं के निस्तारण के सम्बन्ध में दूरभाष पर वार्ता भी की।







