गौ-पालन के इच्छुक को गो-आश्रय स्थलों से गाय उपलब्ध करायी जाए : मुख्यमंत्री योगी

लखनऊ (06 नवम्बर, 2020)।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोविड-19 पर प्रभावी अंकुश के लिए निरन्तर सतर्कता एवं सावधानी बरतने पर बल दिया है। उन्होंने कहा है कि कोरोना के प्रति लापरवाही भारी पड़ सकती है। इसलिए कोविड-19 के संक्रमण की चेन को तोड़ने के लिए प्रभावी उपाय जारी रखते हुए लोगों को कोरोना से बचाव के सम्बन्ध में निरन्तर जागरूक किया जाए।

मुख्यमंत्री ने अपने सरकारी आवास पर आहूत एक उच्चस्तरीय बैठक में अनलाॅक व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आगामी पर्वों की तैयारियों के सिलसिले में बाजारों में बड़ी संख्या में लोग खरीददारी करने के लिए आ रहे हैं। इसे ध्यान में रखते हुए विभिन्न समूहों की फोकस टेस्टिंग का कार्य प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि डेंगू सहित विभिन्न संचारी रोगों को नियंत्रित करने के लिए एन्टी लार्वा रसायनों का नियमित तौर पर छिड़काव किया जाए। यह भी सुनिश्चित किया जाए कि फाॅगिंग का कार्य लगातार संचालित हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘उत्तर प्रदेश कामगार और श्रमिक (सेवायोजन एवं रोजगार) आयोग’ के निर्देशों के क्रियान्वयन की जिलास्तर पर समीक्षा की जाए। तत्पश्चात वे स्वयं (मुख्यमंत्री जी) शासन स्तर पर समीक्षा करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुपोषित परिवारों, जिनके पास गाय रखने का स्थान उपलब्ध हो तथा गौ-पालन के इच्छुक हों, उन्हें गो-आश्रय स्थलों से गाय उपलब्ध करायी जाए। गाय के भरण-पोषण के लिए प्रति गाय प्रतिमाह 900 रुपये भी प्रदान किये जाएं। यह व्यवस्था ‘मा0 मुख्यमंत्री निराश्रित/बेसहारा गोवंश सहभागिता योजना’ के अन्तर्गत की जाए। इस सम्बन्ध में मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया गया कि अब तक 1,052 कुपोषित परिवारों को गोवंश उपलब्ध कराया गया है।

इस अवसर पर चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना, स्वास्थ्य राज्य मंत्री अतुल गर्ग, मुख्य सचिव आर0के0 तिवारी, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त आलोक टण्डन, अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी, पुलिस महानिदेशक हितेश सी0 अवस्थी, अपर मुख्य सचिव एम0एस0एम0ई0 एवं सूचना नवनीत सहगल, अपर मुख्य सचिव चिकित्सा शिक्षा डाॅ0 रजनीश दुबे, अपर मुख्य सचिव ग्राम्य विकास एवं पंचायतीराज मनोज कुमार सिंह, अपर अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री एस0पी0 गोयल, अपर मुख्य सचिव महिला कल्याण एवं बाल विकास एस0 राधा चैहान, प्रमुख सचिव पशुपालन भुवनेश कुमार, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री एवं सूचना संजय प्रसाद, प्रमुख सचिव स्वास्थ्य आलोक कुमार, राहत आयुक्त संजय गोयल, सचिव मुख्यमंत्री आलोक कुमार, सूचना निदेशक शिशिर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
btnimage