देश की पहली नेट जीरो बिल्डिंग की यूपी में होगी स्थापना

ब्यूरो ऑफ एनर्जी एफिशिएन्सी (बीईई), ऊर्जा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा देश की पहली सुपर ऊर्जा दक्ष भवन (नेट जीरो बिल्डिंग) की प्रदेश में स्थापना करने हेतु स्वीकृति प्रदान की गयी है, जिसका शिलान्यास आलोक सिन्हा, कृषि उत्पादन आयुक्त तथा अपर मुख्य सचिव ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत के कर कमलों द्वारा 13 अगस्त, 2021 (शुक्रवार) को दोपहर 12ः00 बजे, शोध एवं विकास केन्द्र देवा रोड, चिनहट, लखनऊ मे किया जायेगा।
निदेशक यूपीनेडा भवानी सिंह खंगारौत ने यह जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में निर्मित होने वाले इस सुपर ऊर्जा दक्ष भवन की स्थापना से देश के बिल्डर्स/आर्किटेक्ट, विभिन्न राजकीय निर्माण विभागों सहित, भवन सेक्टर से संबंधित समस्त स्टेक होल्डर्स एवं इंजीनियरिंग/डिप्लोमा कालेजों के विद्यार्थियों के लिए प्रदर्शन भवन के रूप में उपयोग किया जाएगा। इस सुपर ऊर्जा दक्ष डेमों भवन में ईसीबीसी की समस्त तकनीकियों का सजीव प्रदर्शन किया जायेगा। इस भवन का अध्ययन करके विभिन्न स्टेक होल्डर्स द्वारा उसी प्रकार के भवनों का भविष्य में निर्माण प्रदेश में किया जा सकेगा, जिससे भवनों में खपत होने वाली ऊर्जा में लगभग 50 प्रतिशत ऊर्जा की बचत हो सकेगी।








