जौलजीबी मेले का CM धामी ने किया शुभारंभ, पिथौरागढ़ को ₹102.72 करोड़ की 25 विकास योजनाओं की सौगात

सीमांत क्षेत्र के विकास को धामी सरकार की बड़ी सौगात, ₹102.72 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण

उत्तराखंड, 14 नवंबर 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज जनपद पिथौरागढ़ के सीमांत क्षेत्र में काली और गोरी नदियों के संगम पर आयोजित ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जनपद को ₹102.72 करोड़ की लागत वाली 25 विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें ₹102.48 करोड़ की 24 योजनाओं का शिलान्यास और ₹24 लाख की एक योजना का लोकार्पण शामिल है। साथ ही मुख्यमंत्री ने जौलजीबी मेले के आयोजन के लिए ₹10 लाख की धनराशि देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐतिहासिक जौलजीबी मेला भारत और नेपाल की साझा सांस्कृतिक विरासत, आपसी सौहार्द और व्यापारिक संबंधों का जीवंत प्रतीक है। यह मेला सदियों से दोनों देशों के लोगों को सांस्कृतिक और सामाजिक रूप से जोड़ने का काम कर रहा है। भारत, नेपाल और तिब्बत के बीच ऐतिहासिक व्यापारिक एवं सांस्कृतिक संबंधों में इस मेले का विशेष महत्व रहा है।

उन्होंने कहा कि जौलजीबी मेले से उनका बचपन से विशेष लगाव रहा है। यहां की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और स्थानीय रीति-रिवाजों को उन्होंने करीब से देखा है। ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक पहचान को जीवंत रखने के साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। मेले के माध्यम से लोक कलाकारों, स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक व्यवसायों को भी प्रोत्साहन मिलता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार उत्तराखंड के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री ने 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बताया है। इसी संकल्प को साकार करने के लिए सरकार विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने के साथ प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों का विकास राज्य सरकार की विशेष प्राथमिकता है। इन क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और अन्य आधारभूत सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। सीमांत क्षेत्रों में प्राकृतिक सौंदर्य, साहसिक पर्यटन और समृद्ध लोकसंस्कृति के माध्यम से स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार की व्यापक संभावनाएं हैं। सरकार का प्रयास है कि दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ स्थानीय स्तर पर आजीविका के नए अवसर भी विकसित किए जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जौलजीबी मेले जैसे आयोजन केवल व्यापारिक गतिविधियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये सांस्कृतिक एकता, सामाजिक समरसता और पारंपरिक संबंधों को मजबूत करने का माध्यम भी हैं। भारत और नेपाल के सदियों पुराने सांस्कृतिक संबंध दोनों देशों की साझा विरासत का अभिन्न हिस्सा हैं।

इन प्रमुख योजनाओं का हुआ शिलान्यास

मुख्यमंत्री द्वारा शिलान्यास की गई प्रमुख योजनाओं में ₹23.26 करोड़ की लागत से पिथौरागढ़ में नवीन राज्य अतिथि गृह (सर्किट हाउस) का निर्माण, ₹13.38 करोड़ की घाट पंपिंग पेयजल योजना से संबंधित कार्य, ₹36.10 करोड़ की खोतिला एवं घाटधार क्षेत्र की बाढ़ सुरक्षा योजना और ₹8.80 करोड़ की लागत से रामगंगा नदी पर मोटर सेतु का निर्माण शामिल है।

इसके अलावा सड़क, पेयजल, शिक्षा, पर्यटन, सिंचाई और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं का भी शिलान्यास किया गया। मुख्यमंत्री ने कनालीछीना विकासखंड में संपर्क मार्ग एवं हिमालय दर्शन शेड से संबंधित कार्यों का लोकार्पण भी किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई विकास प्रदर्शनियों और स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा विभागीय गतिविधियों एवं स्थानीय उत्पादों की जानकारी प्राप्त की। मेले में भारत और नेपाल के व्यापारियों ने सहभागिता की। इसके साथ ही पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया।

कार्यक्रम को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, डीडीहाट विधायक बिशन सिंह चुफाल, धारचूला विधायक हरीश धामी, पिथौरागढ़ की महापौर कल्पना देवलाल, जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, संस्कृतिकर्मी और भारत एवं नेपाल के नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
btnimage