मुख्य सचिव ने पीएमजी की बैठक में निर्माणाधीन विश्वविद्यालयों की प्रगति की समीक्षा की
संबंधित मुख्य अभियंता के विरुद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज करने तथा कार्यदायी संस्था के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के दिए निर्देश

मुख्य सचिव एस.पी. गोयल की अध्यक्षता में प्रोजेक्ट मॉनीटरिंग ग्रुप की बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश में निर्माणाधीन विश्वविद्यालयों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने परियोजनाओं में निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित मुख्य अभियंता के विरुद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज करने तथा कार्यदायी संस्था के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्यों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित की जाए तथा निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के साथ प्रत्येक दशा में 31 मई तक कार्य पूर्ण कराया जाए।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि माँ विन्ध्यवासिनी विश्वविद्यालय, मिर्जापुर परियोजना के निर्माण कार्य पूर्ण होने की लक्षित तिथि 11 फरवरी, 2026 निर्धारित है, जबकि वर्तमान में परियोजना की भौतिक प्रगति 76 प्रतिशत है। इसीप्रकार गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय, मुरादाबाद परियोजना के निर्माण कार्य की लक्षित तिथि 23 फरवरी, 2026 है, जबकि वर्तमान भौतिक प्रगति 78.53 प्रतिशत है तथा माँ पाटेश्वरी देवी राज्य विश्वविद्यालय, बलरामपुर परियोजना के निर्माण कार्य की लक्षित तिथि 06 दिसम्बर, 2025 है, जबकि परियोजना की वर्तमान भौतिक प्रगति 81.50 प्रतिशत है।
बैठक में प्रमुख सचिव नियोजन आलोक कुमार, प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा महेन्द्र प्रसाद अग्रवाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।








