मुख्य सचिव ने प्रयागराज में माघी पूर्णिमा स्नान व वाराणसी में रविदास जयंती पर्व की तैयारियों की समीक्षा की

मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र की अध्यक्षता में प्रयागराज में माघी पूर्णिमा स्नान व वाराणसी में रविदास जयंती पर्व की तैयारियों के दृष्टिगत वाराणसी एवं प्रयागराज जनपदों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वीडियोकॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से तैयारी की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने प्रयागराज में माघी पूर्णिमा स्नान व वाराणसी में रविदास जयंती के अवसर पर प्रयागराज व वाराणसी जिले में प्रदेश और अन्य प्रान्तों से आ रहे श्रद्धालुओं की सुरक्षा, कोविड प्रोटोकॉल का पालन, तथा नदी एवं मेला परिसर के साथ घाटों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा उन्होंने ने यह भी कहा कि स्नान के दौरान नाव पलटने, डूबने जैसी दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जल पुलिस अपने विशेष दस्ते के साथ मौजूद रहे। स्नान व रविदास जयंती आयोजन के दौरान जुलूस में श्रद्धालुओं की सुरक्षा व शरारती तत्वों पर निगरानी रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहे।
मुख्य सचिव ने कहा कि दोनों पर्वों में कोविड प्रोटोकाल का विशेष रूप से पालन हो, मेला आयोजन स्थल एवं मंदिर परिसर में कोविड हेल्प डेस्क, जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं, एम्बुलेंस आदि मौजूद रहें। हम सब ऐसा बंदोबस्त रखें कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार कि कोई असुविधा न रहे और वह सकुशल अपने घरों को जाएँ।
बैठक में अपर मुख्य सचिव, गृह अवनीश अवस्थी ने बताया कि स्थानीय अधिकारियों को सभी कैंपों का भ्रमण कर, बस और अन्य भीड़-भाड़ वाली जगहों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। उन्होंने बताया कि रात में भी अधिकारी मेला परिसर, घाटों व कल्पवासियों के बीच मौजूद रहेंगे ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की कोई असुविधा न हो।
बैठक के दौरान वाराणसी और प्रयागराज प्रशासन के अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया है कि दोनों आयोजनों को लेकर सारी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। सभी प्रमुख जगहों पर सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल, स्वच्छता की दृष्टि से अस्थाई शौचालय, सफाई कर्मियों की उपलब्धता रहेगी। इसके अलावा नगर निगमों के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहेंगे।
प्रदेश के एडीजी कानून एवं व्यवस्था प्रशांत कुमार ने बैठक में अवगत कराया कि प्रयागराज व काशी के सभी घाटों, रविदास मंदिर परिसर में पुलिस बल की मौजूदगी को लेकर सभी अधिकारियों को आश्वस्त किया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा की दृष्टि से एडीजी माघ मेला प्रयागराज, पुलिस कमिश्नर वाराणसी सबसे चर्चा हो चुकी है। इसके साथ ही सभी विभागों के साथ समन्वय बैठक भी कर ली गई है, जिससे दोनों महत्वपूर्ण पर्व शांतिपूर्ण व सौहार्द्यपूर्ण तरीके से सम्पन्न हों।
बैठक में अपर मुख्य सचिव गृह, अवनीश अवस्थी एवं एडीजी कानून एवं व्यवस्था प्रशांत कुमार उपस्थित थे तथा मण्डलायुक्त एवं जिलाधिकारी वाराणसी तथा मण्डलायुक्त एवं जिलाधिकारी प्रयागराज द्वारा वीडियोकॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रतिभाग किया गया।








