#UPCMYogi #बिहार के सीतामढ़ी में चुनावी जनसभा में गरजे

बिहार।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सीतामढ़ी में एक चुनावी जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज मुझे आपसे संवाद बनाने का यह सौभाग्य प्राप्त हुआ है। इस स्थान से सबका आध्यात्मिक और भावनात्मक लगाव है। जगत जननी माँ सीता की यह पावन धरती है और इसके लिए मैं आप सबका हृदय से अभिनन्दन करता हूं।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सीतामढ़ी को अयोध्या से जोड़ने के लिए प्रधानमंत्री द्वारा राम-जानकी मार्ग का निर्माण कराया जा रहा है। जब यह मार्ग बन जाएगा तो सीतामढ़ी से अयोध्या की दूरी मात्र 05 से 06 घण्टे के अंदर पूरी की जा सकेगी। अयोध्या में भगवान राम के भव्य मंदिर के निर्माण कार्य का भी शुभारम्भ हो चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इसलिए आप सबको मैं अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण के लिए बधाई और शुभकामनाएं देने के लिए माँ जानकी के इस मायके में आप सबका अभिनन्दन करने के लिए विशेष रूप से आप सभी के बीच में आया हूं। उन्होंने कहा कि यहां पर अंतिम चरण में मतदान होगा। पहले चरण का चुनाव सम्पन्न हो चुका है। दूसरे चरण में चुनाव कल होना है और तीसरे और अंतिम चरण में 07 नवम्बर को होगा। उन्होंने कहा कि आप सभी लोगों को बिहार के भाग्य के निर्माण के लिए अपनी भूमिका के साथ आगे आना है। इसलिए उत्तर प्रदेश की धरती से विशेष रूप से सीतामढ़ी क्षेत्र की जनता का आह्वान और अपील करने के लिए मैं यहां आप सभी के बीच उपस्थित हुआ हूं।
बिहार विधान सभा का यह चुनाव वैश्विक महामारी कोरोना के दौरान हो रहा है। कोरोना के खिलाफ देश की लड़ाई कितनी मजबूती के साथ देश के प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में लड़ा जा रहा है, यह किसी से छुपा नहीं है। 135 करोड़ लोगों के जीवन को बचाना सामान्य बात नहीं है और उसमें भी प्रधानमंत्री जी द्वारा समय से लिए गए निर्णयों के कारण जिस प्रकार के नतीजे दुनिया के सामने देश ने दिए हैं, पूरी दुनिया उसको आश्चर्य और कौतूहल भरी नजरों से देख रही है। समय से लिए गए निर्णय और लाॅकडाउन में होने वाली गरीबों की समस्याओं के समाधान के लिए देश के अंदर 80 करोड़ गरीबों के लिए निःशुल्क खाद्यान्न की व्यवस्था करने का कार्य प्रधानमंत्री जी द्वारा किया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज पूरा देश प्रधानमंत्री मोदी का आभारी है कि उन्होंने देश को कोरोना से भी बचाया है और साथ-साथ उस दौराना लोगों के संकट में खड़ा होकर लोगों को बचाने का भी काम किया है। यानि हर प्रकार से देश को सुरक्षित करने नौजवानों को फिर से रोजगार उपलब्ध कराने के लिए जो अभियान प्रधानमंत्री जी ने चलाया है, वह अभियान सफलतापूर्वक आगे बढ़ सके। यह बीमारी अभी समाप्त नहीं हुई। बीमारी, आग और पानी के बारे में एक ही कहानी चरितार्थ होती है। बाढ़ आयी हो तो बिना देखे बाढ़ के पानी में नहीं घुसा जाता। कहीं आग लगी हो तो पहले उसे बुझाने का प्रयास किया जाता है, उसमें घुसा नहीं जाता है। और यही हाल बीमारी का भी है। बीमारी अगर समाप्त नहीं हुई है तो बचाव ही सर्वोत्तम उपाय है और बचाव के लिए दो बातें प्रधानमंत्री जी ने कही हैं ‘दो गज की दूरी, मास्क है जरूरी’।
भगवान श्रीराम मंदिर के भव्य निर्माण में जो भाव आप सभी ने पैदा किया है। उसके लिए मैं आप सबका हृदय से आभारी हूं। सरकारें कैसी होनी चाहिए, इसका उदाहरण आपके सामने प्रधानमंत्री मोदी जी ने प्रस्तुत किया। आज से 06 साल पहले इस देश की जनता ने प्रधानमंत्री मोदी जी के हाथों में देश की बागडोर सौंपी थी। 2014 के पहले देश के अंदर जाति, परिवार, मत और मजहब के नाम पर, क्षेत्र और भाषा के नाम पर राजनीति होती थी। मोदी जी ने इन सबको बदल कर उन्होंने गांव के अंदर देश के लिए गरीब, किसान, नौजवान, महिलाओं, व्यापारियों एवं समाज के प्रत्येक तबके के उत्थान के लिए कार्य करते हुए सबको एक ही नारा दिया और एक ही अपील सबको दी और उनका मंत्र था ‘सबका साथ-सबका विकास’।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 03 करोड़ गरीबों को मकान देना, 04 करोड़ गरीबों को निःशुल्क विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराना, 08 करोड़ गरीबों के लिए रसोई गैस का निःशुल्क कनेक्शन उपलब्ध कराना, 10 करोड़ गरीबों के लिए निःशुल्क शौचालय की व्यवस्था कराना, 12 करोड़ गरीबों के लिए गरीब किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से आच्छादित करना, 15 करोड़ नौजवानों के लिए प्रधानमंत्री मुद्रा योजना में आर्थिक स्वावलम्बन का मार्ग प्रशस्त करना, 35 करोड़ गरीबों का बैंक में खाता खोलकर जनधन खाता उपलब्ध कराना, 50 करोड़ गरीबों को आयुष्मान भारत के अंदर 05 लाख रुपए का स्वास्थ्य बीमा कवर देना, कोरोनाकाल के दौरान 80 करोड़ गरीबों को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराने का काम सिर्फ प्रधानमंत्री मोदी जी ने किया। सबका साथ-सबका विकास का नारा प्रधानमंत्री मोदी जी के इस अभियान का हिस्सा है। इसमें हम किसी के साथ भेदभाव नहीं करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग आज बिहार के अंदर रोजगार को मुद्दा बनाकर नौजवानों को बहकाने का कार्य कर रहे हैं, उन्हें भी देश और बिहार में सत्ता में रहने का अवसर मिला था। तब उन लोगों ने गरीबों को मकान नहीं दिया, रोजगार नहीं दिया, गैस के कनेक्शन नहीं दिए, विद्युत के कनेक्शन नहीं दिए, शौचालय नहीं बनाए, स्वास्थ्य बीमा का कवर नहीं दिया। किसानों के लिए भी कुछ नहीं किया, गरीबों को खाद्यान्न भी नहीं दिया। यह तो कुछ भी नहीं जानवरों का चारा भी चट कर गए और रोजगार का झुनझुना पकड़ाकर लोगों की आंखों में धूल झोंकने का कार्य यह लोग करना चाहते हैं। इन लोगों ने जाति के नाम पर बिहार को बांटा था। मत और मजहब के आधार पर सामाजिक तानेबाने को छिन्न-भिन्न किया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज बिहार विकास का एक नया कीर्तिमान स्थापित कर रहा है और उसको बनाए रखने के लिए आपसे यहां यह अपील करने के लिए आए हैं। नीतीश जी और एन0डी0ए0 के नेतृत्व में हर बिहारी के चेहरे पर खुशी लायी जा सके और राम जानकी मार्ग जैसे विकास की योजना को आगे बढ़ाकर रामायण सर्किट को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाया जा सके, हम सबको इस दिशा में कार्य करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब प्रधानमंत्री मोदी जी ने दूसरी बार शपथ ग्रहण की थी तो एक ही बात कही थी कि पहले पांच वर्ष गरीबों और नौजवानों के लिए और अगले पांच वर्ष भारत के उत्थान के लिए। वर्ष 2008 में काँग्रे्रस नेतृत्व थी उस सरकार के समय पर जब मुम्बई में आतंकी हमला हुआ था। उस समय एक बात सामने आयी थी कि पाकिस्तानियों का उन आतंकियों के ऊपर हाथ था। हमारे सैकड़ों लोग उस वक्त मरे थे। हमारे जवान शहीद हुए थे और जब उस समय देश की जनता मांग कर रही थी कि पाकिस्तान को इसका सबक सिखाया जाना चाहिए तो काँग्रेस और राजद जैसे दल कहते थे कि पाकिस्तान के खिलाफ हम कुछ नहीं कर सकते, क्योंकि पाकिस्तान के पास तो एटम बम है। इनके लिए देश महत्वपूर्ण नहीं था, इनके लिए तो राजनीति और सत्ता महत्वपूर्ण थी। लेकिन जब पुलवामा में आतंकी हमला होता है, उस समय मोदी प्रधानमंत्री थे। तो उसके एक महीने बाद ही भारत के जवान पाकिस्तान के जवानों को पूरी तरह नष्ट करते हैं। जो आतंकवादियों और दुश्मनों के आगे झुकता नहीं, बल्कि दुश्मन को उसकी भाषा में जवाब देने की ताकत रखता है, यह भारत प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आज खड़ा हुआ है।
#मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी जी ने नारी गरिमा के लिए तीन तलाक की प्रथा को समाप्त करने का कार्य किया है। तीन तलाक के नाम पर आधी आबादी को किस तरह से अपमानित किया जाता था। यह किसी से छुपा हुआ नहीं है और कश्मीर में धारा 370 को सदा के लिए समाप्त किया। सन 1952 में संविधान में धारा 370 जोड़ी थी। इसके तहत जम्मू-कश्मीर के अंदर भारत का संविधान पूरी तरह लागू नहीं होता था। मोदी जी ने आज बिहार के लोगों को भी यह अधिकार दे दिया है कि वह जम्मू में भी जमीन खरीद कर मकान बनवा सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक भारत-श्रेष्ठ भारत की संकल्पना को साकार करने वाले देश के यशस्वी प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में भारत की सरकार कार्य करेगी और सुशासन और विकास के माॅडल को लेकर नीतीश जी के नेतृत्व में बिहार कार्य करेगा और जब डबल इंजन की गाड़ी चलेगी तो भारत दुनिया की महान ताकत बनकर राम राज्य के भाव को साकार करेगा। उन्होंने कहा कि उनकी हार्दिक इच्छा थी कि बिहार के प्रत्येक गांव से एक-एक श्रद्धालु को राम मंदिर के लिए आमंत्रित किया जाए।
मुख्यमंत्री #योगी ने कहा कि कोरोना के दौरान लाॅकडाउन होते ही #दिल्ली, #महाराष्ट्र, #राजस्थान, #पंजाब से बड़ी संख्या में उत्तर प्रदेश, #बिहार, #झारखण्ड और #बंगाल के कामगारों, श्रमिकों और नौजवानों ने निकलना शुरू किया। सम्भव है कि पंजाब, महाराष्ट्र और दिल्ली के अंदर उन्हें परेशानी हुई हो, लेकिन उत्तर प्रदेश के अंदर किसी को परेशानी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि लोग उनसे पूछते थे कि उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए तो आप व्यवस्था कर ही रहे हैं, फिर बिहार के लोगों के लिए क्यों तो मैंने कहा कि बिहार हमसे अलग नहीं है। उन्होंने कहा कि इतनी भारी संख्या में आप लोगों की उपस्थिति इस बात का संकेत है कि भारतीय जनता पार्टी और एन0डी0ए0 के प्रत्याशी की विजय हर हाल में होगी।








