मुख्यमंत्री ने बांदा में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण किया

बांदा 17 फरवरी, 2023
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज जनपद बांदा में महाराणा प्रताप चौक के सौन्दर्यीकरण तथा वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने महाशिवरात्रि की मंगलमय शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महाराणा प्रताप का प्रेरणादायी जीवन चरित्र हम सभी को सदैव स्वदेश और स्वधर्म के प्रति समर्पण के भाव के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे राष्ट्रनायक, जो वर्तमान एवं भावी पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी हों, उनके नाम और कृतित्व को स्मरणीय बनाने का कार्य हम सभी के लिए गौरव की बात है। महाराणा प्रताप के नाम पर इस चौक का नामकरण और उनकी भव्य प्रतिमा की स्थापना का कार्य वर्तमान और भावी पीढ़ी को प्रेरणा प्रदान करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जब स्वदेश और स्वराष्ट्र की बात होती है, तो महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी, गुरु गोविन्द सिंह जी महाराज, महारानी लक्ष्मीबाई का नाम बड़ी श्रद्धा और सम्मान के साथ लिया जाता है। इन महान विभूतियों ने अपना जीवन स्वयं के लिए नहीं, बल्कि अपने जीवन का एक-एक क्षण अपनी मातृभूमि के लिए जीया था। स्वदेश और स्वधर्म के लिए जीया था। इसीलिए आज सैकड़ों वर्षों के बाद भी हम सभी महापुरुषों का स्मरण सदैव श्रद्धा और सम्मान के साथ करते हैं। हर भारतवासी अपने महापुरुषों के नाम पर गौरव की अनुभूति करता है और उसके मन में इच्छा होती है कि हम भी अपनी मातृभूमि के लिए कुछ ऐसा करें, ताकि हमारा जीवन धन्य हो जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराणा प्रताप 28 वर्ष की उम्र में मेवाड़ के शासक बने थे। उन्हें मेवाड़ की अधूरी सत्ता प्राप्त हुई थी। उस समय अकबर ने मेवाड़ और चित्तौड़गढ़ पर कब्जा कर लिया था। मात्र 36 वर्ष की उम्र में उन्होंने हल्दीघाटी के युद्ध के बाद अपनी लड़ाई प्रारम्भ की, तो 40 वर्ष की उम्र में उन्होंने मेवाड़ और चित्तौड़गढ़ को वापस ले लिया था। महाराणा प्रताप ने अकबर को नाकों चने चबाने के लिए मजबूर कर दिया था। स्वदेश और स्वाभिमान क्या होता है, यह महाराणा प्रताप ने विदेशी आक्रांताओं को दिखाने का कार्य किया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां बेहतर इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलेपमेण्ट के कार्य, चौड़ी सड़कें, बड़े चौराहे और स्वच्छता देश के बड़े शहरों की भांति देखने को मिल रही है। इन विकास कार्यों में जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन, विभिन्न सामाजिक संगठनों सहित यहां के लोगों का अपने नगर के प्रति समर्पण व निष्ठा का भाव व्यक्त होता है। महाराणा प्रताप से हम सबको देश, समाज के प्रति कार्य करने की प्रेरणा प्राप्त होती है।
इस अवसर पर जल शक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, जल शक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद सहित जनप्रतिनिधिगण तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।








