मुख्यमंत्री द्वारा दीपोत्सव-2020 को भव्य स्वरूप प्रदान किए जाने के निर्देश

लखनऊ।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा अयोध्या में दीपावली पर सम्पन्न होने वाले दीपोत्सव-2020 को भव्य स्वरूप प्रदान किए जाने के निर्देशों के क्रम में एक आकर्षक लेज़र शो आयोजित किया जाएगा।

यह जानकारी देते हुए एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि अत्याधुनिक तकनीक पर आधारित इस लेज़र शो के माध्यम से भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन का चित्रण किया जाएगा। भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन पर नगरवासियों द्वारा उनके स्वागत में प्रज्ज्वलित किए गए दीपों की जगमगाहट का चित्रण भी इस लेज़र शो के माध्यम से देखने को मिलेगा।

यह लेज़र शो भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन पर नगरवासियों की प्रसन्नता और उनके स्वागत में किए गए आयोजन को भी दर्शाएगा। इसमें शंख और घण्टियों की ध्वनि का समावेश होगा। भारत के विभिन्न क्षेत्रों में प्रचलित नृत्यों जैसे भरतनाट्यम, ओडिसी, मणिपुरी, कुचिपुड़ी और कथक नृत्य को भी लेज़र शो के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा।

यह लेज़र शो भगवान श्रीराम की रावण पर विजय के उपरान्त उनके अयोध्या आगमन के दृश्य को चित्रित करेगा। भगवान श्रीराम की स्तुति ‘श्रीराम चन्द्र कृपालु भजमन’ भी पृष्ठभूमि में सुनने को मिलेगी। लेज़र द्वारा वर्चुअल आतिशबाजी का कार्यक्रम दीपोत्सव-2020 का एक प्रमुख आकर्षण होगा

Related Articles

Back to top button
btnimage