थिंक टैंक के सदस्य बने, लोक निर्माण विभाग के 6 सेवानिवृत्त उच्चाधिकारी

लखनऊ।
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि लोक निर्माण विभाग में विभाग के सेवानिवृत्त उच्चाधिकारियों का थिंक टैंक बनाए जाने से लोक निर्माण विभाग के कार्यों में गति तो आयेगी ही, साथ ही गुणवत्ता भी आयेगी और जटिल से जटिल समस्याओं का समाधान बड़ी आसानी से हो सकेगा।

केशव प्रसाद मौर्य ने लोक निर्माण विभाग मुख्यालय स्थित तथागत सभागार में आयोजित कार्यक्रम में थिंक टैंक के सदस्यों को साल व प्रतीक चिन्ह भेंट कर उन्हें सम्मानित किया और विश्वास व्यक्त किया कि उनके अनुभवों से विभाग ही नहीं, उत्तर प्रदेश के विकास को नए पंख लगेंगे।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि वर्तमान और निवर्तमान अभियंता मिलकर लोक निर्माण विभाग के भविष्य की नीव मजबूत करेंगे ,अच्छे से अच्छा करके दिखाएंगे ।सेवानिवृत्त अनुभवी इंजीनियरों से उनके अनुभवों का अच्छा लाभ मिलेगा। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के इंजीनियरों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जिस प्रकार से सैनिक देश की रक्षा करते हैं ,उसी प्रकार से आप लोगों को भी अपनी तकनीकी दक्षता का उपयोग करते हुए प्रदेश की 24 करोड़ जनता की कसौटी पर खरा उतरना है और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं करना है। लोक निर्माण विभाग की क्षवि निखारना है। अनुभवी तथा दक्ष व सक्षम इंजीनियरों के बल पर आने वाला भविष्य भी उज्जवल होगा। उन्होंने कहा कि इंजीनियर अपने नए- नए विचार देंगे और नई तकनीकी के प्रयोग में सहयोग प्रदान करेंगे और उत्तर प्रदेश की परिस्थितियों के अनुरूप सड़कों का संजाल बिछ सकेगा।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों में मुख्य रूप से फोकस करना है और बहुत ही सृजनात्मक कार्य किए जाने हैं। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग द्वारा उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं । उन्होंने कहा अभी कई ग्रामीण इलाके मुख्य मार्गों से कनेक्टिविटी के लिए बचे हैं, उन्हें हमें शीघ्र से शीघ्र जोड़ना है और ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों को कम से कम 5 मीटर चैड़ा बनाना है।

केशव प्रसाद मौर्य ने विश्वास व्यक्त किया वर्तमान और निवर्तमान अभियन्ता मिलकर लोक निर्माण विभाग में अभिनव कार्यो का संपादन कर प्रदेश के विकास में लोक निर्माण विभाग को उच्च स्तर पर रखने का कार्य करेंगे और जन आकांक्षाओं पर खरा उतरेंगे। जटिल समस्याओं के समाधान में थिंक टैक एक मजबूत कड़ी साबित होगा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस अभिनव प्रयोग निश्चित रूप से अच्छे परिणाम लेकर आएगा और रोड सेफ्टी के कार्य में भी सुधार आएगा।

उप मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के नए ‘लोगो’ का अनावरण भी किया

लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव नितिन रमेश गोकर्ण ने कहा कि उत्तर प्रदेश के लोक निर्माण विभाग में किए जा रहे इस नए प्रयोग के आशातीत परिणाम हासिल होंगे और यह थिंक टैंक ,एक कंसल्टेंसी फर्म से भी कहीं अधिक उपयोगी सिद्ध होगा। विभागाअध्यक्ष राजपाल सिंह ने कहा कि थिंक टैंक के गठन से विभाग की छवि निखरेगी।

बताते चलें कि उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की पहल पर 6 सदस्यीय थिंक टैंक का गठन किया गया है, जिसमें पूर्व विभागाध्यक्ष रहे आर० सी० बरनवाल, राजीव रतन सिंह, निवर्तमान प्रमुख अभियंता पंकज, बकाया सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता जे०पी० श्रीवास्तव, ए०के ०सिंह०, जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, अरुण कुमार सिन्हा को रखा गया है। सेवानिवृत्त इंजीनियरों को लोक निर्माण विभाग में सम्मान सहित बैठने की उचित व्यवस्था भी की जाएगी।

Related Articles

Back to top button
btnimage