बुन्देलखण्ड क्षेत्र के विकास के लिए चित्रकूट में एयरपोर्ट का निर्माण किया जा रहा : योगी

बाँदा 17 फरवरी, 2023
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज जनपद बाँदा में कालिंजर महोत्सव-2023 का शुभारम्भ किया। उन्होंने 665.26 करोड़ रुपये लागत की 302 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 133 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 169 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर ‘कालिंजर महोत्सव’ को राजकीय महोत्सव के रूप में मान्यता प्रदान करने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने महाशिवरात्रि की पूर्व संध्या पर लोगों को बधाई देते हुए कहा कि सभी दिशाओं के हर तबके ने नीलकण्ठ महादेव को माना है। यह क्षेत्र ऋषि-मुनियों की तपोभूमि रहा है। इस क्षेत्र को ऋषि-मुनियों ने अपनी तप एवं साधना स्थली बनाया है। महर्षि बामदेव के नाम पर ही जनपद बाँदा का नाम रखा गया था। चित्रकूट की महिमा को सभी लोग भली-भांति जानते हैं। चित्रकूट भगवान श्रीराम के वनवास कालखण्ड का अभिन्न सहयोगी रहा है। प्रदेश सरकार ने जनपद बाँदा में वीरांगना रानी दुर्गावती के नाम पर मेडिकल कॉलेज का नामकरण किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में बुन्देलखण्ड क्षेत्र विकास की प्रक्रिया से जुड़ा है। प्रदेश सरकार द्वारा बुन्देलखण्ड क्षेत्र के विकास हेतु अनेक कार्य किये जा रहे हैं। बुन्देलखण्ड के विकास को तेज गति प्रदान के लिए बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे का निर्माण किया गया है। राज्य सरकार ने बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे को इस क्षेत्र के विकास की धुरी बनाने का कार्य किया है। बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे से लोग कम समय में प्रदेश व देश की राजधानी पहुंच रहे हैं। बेहतर कनेक्टिविटी से बुन्देलखण्ड क्षेत्र के विकास को और अधिक गति मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बुन्देलखण्ड क्षेत्र के विकास के लिए जनपद चित्रकूट में एयरपोर्ट का निर्माण किया जा रहा है। जनपद चित्रकूट उत्तर प्रदेश डिफेंस इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर का एक प्रमुख नोड है। इस डिफेंस इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर के तहत विभिन्न रक्षा उत्पादों व तोपों का निर्माण किया जाएगा, जिससे बुन्देलखण्ड क्षेत्र के लोगों के रोजगार में वृद्धि होगी। डबल इंजन की सरकार बुन्देलखण्ड क्षेत्र में पानी की समस्या के निवारण हेतु हर घर नल योजना द्वारा पेयजल उपलब्ध कराने का कार्य युद्धस्तर पर कर रही है। केन बेतवा लिंक परियोजना से बुन्देलखण्ड क्षेत्र में पानी की कमी नहीं रहने पायेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यू0पी0 ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 में लगभग 35 लाख करोड़ रुपये के निवेश के प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें बुन्देलखण्ड क्षेत्र के लिए लगभग 4.5 लाख करोड़ रुपये के निवेश के प्रस्ताव मिले हैं। इस निवेश से बुन्देलखण्ड क्षेत्र में नए-नए उद्योग स्थापित होंगे और हमारे युवाओं को रोजगार मिलेगा। ‘एक जनपद, एक उत्पाद योजना’ में जनपद बाँदा के ‘शजर पत्थर’ व ‘कठिया गेहूं’ शामिल है। ‘कठिया गेहूं’ के प्रोत्साहन से इस क्षेत्र के किसानों व व्यापारियों को इसका बेहतर मूल्य मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जी की प्रेरणा से बुन्देलखण्ड के सभी जनपदों में विकास कार्य कराये जा रहे हैं। बुन्देलखण्ड क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सभी किलों को जोड़कर पर्यटन विकास की सम्भावनाओं को और अधिक विकसित कर आगे बढ़ाया जाएगा। ऐतिहासिक एवं महत्वपूर्ण प्राचीन किलों के पुनरुत्थान का कार्य भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक किलों को बचाने व संरक्षित करने के लिए इन किलों को पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित करते हुए होटल एवं रेस्टोरेण्ट आदि उद्योग को बढ़ावा देते हुए स्थापित कराया जायेगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार बिना भेदभाव के सभी वर्गों के हितों एवं उनके विकास के लिए अनेक योजनाओं को संचालित कर रही है। इस क्षेत्र के ग्रामों की सड़कों को मुख्य मार्गों से जुड़ने के साथ पर्याप्त विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था की गई है। केन्द्र व प्रदेश सरकार द्वारा गरीब वर्ग के लोगां को प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, आयुष्मान भारत योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना तथा विभिन्न पेंशन योजनाओं, विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों प्रदान किया जा रहा है। प्रदेश सरकार 02 करोड़ युवाओं को निःशुल्क टैबलेट/स्मार्टफोन प्रदान कर रही है।
इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लाभान्वित किया। उन्होंने उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, बाँदा के 151 स्वयं सहायता समूहों को 09 करोड़ 06 लाख रुपये के ऋण स्वीकृति का प्रतीकात्मक चेक प्रदान किया। लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के आवास की प्रतीकात्मक चाभी एवं मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के अन्तर्गत 25 लाख रुपये की धनराशि का प्रतीकात्मक चेक भी प्रदान किया।
इस अवसर पर जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, जल शक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद सहित जनप्रतिनिधिगण तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button
btnimage