किसानों की वर्तमान आय को दुगना करने के उद्देश्य से किसान कल्याण मिशन के रूप में अभियान चलाया जायेगा

उन्नाव।
उन्नाव जिलाधिकारी रवीन्द्र कुमार की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें किसानों की वर्तमान आय को दुगना करने के उद्देश्य से किसान कल्याण मिशन के रूप में अभियान चलाया जायेगा।
बैठक में बताया गया कि अभियान के अन्तर्गत जनपद में विकास खण्ड सि0सिरोसी, मियाॅगंज, पुरवा, बाॅगरमऊ, औरास, बीघापुर में मेला एवं कृषि प्रदर्शनी का आयोजन किया जायेगा। कृषि एवं सहवर्गीय सेक्टर में ग्राम विकास के आजीविका मिशन के अन्तर्गत गठित स्वयॅ सहायता समूह के उत्पाद की प्रदर्शनी भी लगायी जायेगी। कृषि विभाग के साथ-साथ उद्यान, पशुपालन, मत्स्य पालन, रेशम विभाग, सहकारिता, सिंचाई, नेडा, विकास विभाग, पंचायती राज विभाग, वन, बाल विकास एवं पुष्टाहार अपनी अपनी योजनाओं से सम्बंधित स्टाल लगाायेंगे और लाभार्थी परक योजनाओं के स्वीकृति पत्र/प्रमाण पत्र/कृषि यंत्र/पुरस्कार आदि का भी वितरण करेंगे।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को मेला में प्रदर्शनी स्टाल लगाने और कृषि कल्याण की योजनाओं के लाभार्थियों को मौके पर ही लाभ प्रदान करने के निर्देश दिये। किसान गोष्ठी में प्रगतिशील किसान, कृषि वैज्ञानिक, कृषि विभाग से जुड़े प्रसार कार्यकर्ता शासन की किसानोन्मुखी योजनाओं की जानकारी देंगे। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि सभी खण्ड विकास अधिकारी नोडल अधिकारी के रूप में कार्य करेंगे और जनपद स्तर से पर्यवेक्षणीय अधिकारियों की मेले में तैनाती की गयी है। इसी क्रम में 13 जनवरी 2021 को बिछिया, सफीपुर, हिलौली, गंज मुरादाबाद, हसनगंज, सुमेरपुर में और 21 जनवरी 2021 को फतेहपुर चैरासी, नवाबगंज, असोहा, सि0कर्ण में आयोजन किया जायेगा। जिलाधिकारी ने सभी जनप्रतिनिधियों और किसान भाइयों से मेले में सहभागिता करने की अपील की।
मुख्य विकास अधिकारी ने किसान मेलों में किसान को खेती, मत्स्य पालन, पशुपालन के किसान क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने के लिये भी कहा सभी विभागों के अधिकारियों से मेले में सक्रिय योगदान कर इसको सफल बनाने को कहा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डा0 राजेश कुमार प्रजापति, उप कृषि निदेशक डा0 नन्दकिशोर, उपायुक्त एन0आर0एल0एम0 प्रदीप कुमार, जिला कृषि अधिकारी कुलदीप मिश्रा, अधिशाषी अभियंता नलकूप, सिंचाई, विद्युत, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य पालन, मण्डी समिति, लघु सिंचाई, वन आदि विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।








