पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, जल शक्ति मंत्रालय ने आगरा में दूसरे क्षेत्रीय सम्मेलन का आयोजन किया

केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल ने कहा कि नल कनेक्शन की उपलब्धता के साथ ग्रामीण परिवारों को सुरक्षित पेयजल की सुनिश्चित आपूर्ति भी आवश्यक है

यूपी कनेक्ट मीडिया न्यूज़ एजेंसी।

भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग (डीडब्ल्यूएसएस) ने उत्तर प्रदेश के आगरा में जल जीवन मिशन (जेजेएम) 2.0 पर दूसरे क्षेत्रीय सम्मेलन का आयोजन किया। इसमें उत्तर भारत के सात राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सम्मेलन में कार्यान्वयन में तेजी लाने, स्थिरता को मजबूत करने तथा ग्रामीण पेयजल आपूर्ति प्रणालियों की दीर्घकालिक कार्यक्षमता सुनिश्चित करने के लिए प्रमुख रणनीतियों पर विचार-विमर्श किया गया। यह सम्मेलन जल पर विभागीय शिखर सम्मेलन के बाद आयोजित की जा रही क्षेत्रीय परामर्श बैठकों की श्रृंखला का हिस्सा है। यह राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को प्रगति की समीक्षा करने, सर्वोत्तम कार्यप्रणालियां साझा करने और समान चुनौतियों के समाधान पर चर्चा करने के लिए एक मंच प्रदान करता है।

उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के वरिष्ठ अधिकारियों ने सम्मेलन में भाग लिया। उनके साथ राष्ट्रीय जल जीवन मिशन, राज्य जल एवं स्वच्छता मिशनों तथा संबंधित मंत्रालयों, अर्थात कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय (एमओएसडीई) और ग्रामीण विकास मंत्रालय (एमओआरडी) के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। विचार-विमर्श में स्थिरता, संस्थागत सुधार, अभिसरण, संचालन एवं रखरखाव, भूजल प्रबंधन और समुदाय-आधारित जल शासन पर ध्यान केंद्रित किया गया।

मंत्रिस्तरीय सत्र के दौरान गणमान्य व्यक्तियों ने जल कलश समारोह किया। यह समारोह जल के प्रति सम्मान का प्रतीक था और इसने जल संरक्षण, जल स्रोतों की स्थिरता तथा जिम्मेदार जल प्रबंधन के प्रति सामूहिक संकल्प को दोहराया।

सम्मेलन के मंत्रिस्तरीय सत्र की अध्यक्षता करते हुए केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल ने ग्रामीण भारत में जीवन की गुणवत्ता सुधारने और महिलाओं एवं बालिकाओं को कठिन परिश्रम से राहत दिलाने में जल जीवन मिशन के परिवर्तनकारी प्रभाव को रेखांकित किया। जल सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि ग्रामीण परिवारों को नल जल कनेक्शन उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है, लेकिन जल जीवन मिशन के अगले चरण में टिकाऊ और समुदाय के स्वामित्व वाली सेवा वितरण प्रणालियों के माध्यम से नियमित, पर्याप्त और सुरक्षित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने पर ध्यान केंद्रित किया जाना चाहिए।

केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि जेजेएम 2.0 के तहत सभी प्रयासों के केंद्र में स्थिरता होनी चाहिए। उन्होंने मिशन के उद्देश्यों को प्राप्त करने के लिए समयबद्ध कार्यान्वयन, अधिक जवाबदेही तथा राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की सहयोगात्मक कार्रवाई की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

‘जल संचय जन भागीदारी से जन आंदोलन’ का उल्लेख करते हुए पाटिल ने सक्रिय सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से जल संरक्षण को जन आंदोलन में बदलने के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने जारी विकास कार्यक्रमों के साथ अभिसरण के माध्यम से भूजल पुनर्भरण, वर्षा जल संचयन और जल स्रोतों के संरक्षण संबंधी उपायों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया। जल संरक्षण को साझा जिम्मेदारी बताते हुए उन्होंने राज्यों से जल अर्पण और जल उत्सव जैसी पहलों के माध्यम से सामुदायिक स्वामित्व को मजबूत करने तथा प्रत्येक ग्रामीण परिवार के लिए टिकाऊ पेयजल सेवाएं सुनिश्चित करने के वास्ते सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों का सक्रिय रूप से आदान-प्रदान करने का आह्वान किया।

केंद्रीय मंत्री (मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी तथा पंचायती राज) और आगरा से सांसद एस.पी. सिंह बघेल ने पेयजल संबंधी चुनौतियों के समाधान तथा जल सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों, जिला प्रशासनों तथा कार्यान्वयन एजेंसियों के बीच निरंतर समन्वय के महत्व को रेखांकित किया। क्षेत्रीय संदर्भ का उल्लेख करते हुए उन्होंने पर्याप्त जल उपलब्धता सुनिश्चित करने में प्रभावी जल संसाधन प्रबंधन और अंतर-क्षेत्रीय समन्वय के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सम्मेलन के दौरान हुए विचार-विमर्श से विश्वसनीय और टिकाऊ ग्रामीण पेयजल सेवाओं को मजबूत करने के लिए व्यावहारिक समाधान खोजने में मदद मिलेगी।

प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए उत्तर प्रदेश के जल शक्ति एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने राज्य में जल जीवन मिशन के अंतर्गत हुई उल्लेखनीय प्रगति को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2019 से उत्तर प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में नल जल की पहुंच में उल्लेखनीय विस्तार हुआ है। परिचालन संबंधी चुनौतियों के बावजूद राज्यभर में पेयजल आपूर्ति योजनाओं को पारदर्शी और त्वरित तरीके से लागू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निरंतर प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की उपलब्धता में पर्याप्त सुधार हुआ है और शेष योजनाओं पर काम सार्वभौमिक कवरेज के लक्ष्य की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

बुंदेलखंड और विंध्य के जल संकटग्रस्त क्षेत्रों का उल्लेख करते हुए सिंह ने लंबे समय से चली आ रही पेयजल संबंधी चुनौतियों के समाधान में जल जीवन मिशन के परिवर्तनकारी प्रभाव को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि जिन जिलों में कभी पानी की गंभीर कमी और मौसमी संकट का सामना करना पड़ता था, वहां घरेलू नल कनेक्शन के माध्यम से सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। ज्ञान साझा करने और सहयोगात्मक तरीके से सीखने के महत्व पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय सम्मेलन राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को अनुभवों के आदान-प्रदान, सर्वोत्तम कार्यप्रणालियां साझा करने तथा टिकाऊ ग्रामीण पेयजल सेवा वितरण सुनिश्चित करने के लिए कार्यान्वयन रणनीतियों को मजबूत करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करता है।

पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सचिव अशोक के.के. मीणा ने इस बात पर जोर दिया कि ग्रामीण पेयजल सेवाओं की स्थिरता के लिए समग्र सरकारी दृष्टिकोण आवश्यक है और इसे केवल पेयजल क्षेत्र के माध्यम से हासिल नहीं किया जा सकता। उन्होंने ग्रामीण जल आपूर्ति प्रणालियों की दीर्घकालिक कार्यक्षमता सुनिश्चित करने के लिए कौशल विकास, जल स्रोतों की स्थिरता, वित्तपोषण, पंचायती राज संस्थाओं और सामुदायिक स्वामित्व सहित विभिन्न क्षेत्रों के बीच अभिसरण के महत्व को रेखांकित किया।

बुनियादी ढांचे के निर्माण से आगे बढ़ने की आवश्यकता पर जोर देते हुए मीणा ने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से जल स्रोतों की स्थिरता, टिकाऊ संचालन एवं रखरखाव, वित्तीय योजना, कुशल स्थानीय मानव संसाधन और ग्राम पंचायत के नेतृत्व वाले शासन को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित करने का आह्वान किया। उन्होंने सेवा वितरण, जवाबदेही और दीर्घकालिक स्थिरता में सुधार के लिए साक्ष्य-आधारित योजना हेतु निर्णय सहायता प्रणाली (डीएसएस), सुजलम भारत डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना (डीपीआई) के अंतर्गत जल आपूर्ति परिसंपत्तियों की शुरू से अंत तक डिजिटल मैपिंग तथा ग्राम पंचायतों और ग्राम जल एवं स्वच्छता समितियों (वीडब्ल्यूएससी) को सशक्त बनाने जैसे साधनों की भूमिका को रेखांकित किया।

सम्मेलन के एक अन्य सत्र में राष्ट्रीय जल जीवन मिशन (एनजेजेएम) के अपर सचिव एवं मिशन निदेशक कमल किशोर सोआन ने जल जीवन मिशन 2.0 के तहत बुनियादी ढांचे के विकास से टिकाऊ ग्रामीण पेयजल सेवा वितरण की ओर बढ़ने की आवश्यकता बताई। इस बात पर प्रकाश डाला गया कि अगले 25–30 वर्षों तक मौजूदा बुनियादी ढांचे के प्रभावी संचालन और रखरखाव के माध्यम से नियमित, पर्याप्त और गुणवत्तापूर्ण पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने पर ध्यान दिया जाएगा। ग्रामीण जल आपूर्ति प्रणालियों की दीर्घकालिक स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन, जिलाधिकारियों और सभी स्तरों पर पंचायती राज संस्थाओं की भूमिकाओं एवं जिम्मेदारियों को स्पष्ट रूप से निर्धारित करने के महत्व को रेखांकित किया गया।

सोआन ने जल स्रोतों की स्थिरता तथा संचालन एवं रखरखाव को मजबूत करने के लिए लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, कौशल विकास और जनजातीय कार्य विभागों के बीच अंतर-विभागीय अभिसरण के महत्व को भी साझा किया। बताया गया कि प्रमुख सुधारों और कार्यान्वयन रणनीतियों पर विचार-विमर्श के लिए पांच क्षेत्रीय सम्मेलनों का आयोजन किया जा रहा है, जिनके निष्कर्षों की समीक्षा राष्ट्रीय स्तर के सम्मेलन में की जाएगी। इसके बाद समेकित प्रगति माननीय प्रधानमंत्री के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी। दिसंबर 2028 तक जल जीवन मिशन के उद्देश्यों को प्राप्त करने के लिए केंद्र, राज्यों और स्थानीय संस्थाओं के सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया गया।

पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के संयुक्त सचिव डी. सेंथिल पांडियन ने ग्रामीण विकास मंत्रालय के प्रतिनिधियों की प्रस्तुति के दौरान पेयजल स्रोतों की जियो-टैगिंग और निर्णय सहायता प्रणाली (डीएसएस) के कार्यान्वयन के माध्यम से जल स्रोतों की स्थिरता के महत्व पर जोर दिया। जोखिमग्रस्त जल स्रोतों की पहचान के लिए छह विभागों और एजेंसियों के आंकड़ों के एकीकरण का उल्लेख करते हुए उन्होंने राज्यों से भौतिक सत्यापन, मानसून से पहले और बाद में जल गुणवत्ता परीक्षण तथा ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज संस्थाओं के साथ अभिसरण और ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) के साथ एकीकरण के माध्यम से ग्राम स्तर पर जल स्रोत संवर्धन योजनाएं तैयार करने का आग्रह किया। राज्यों से जियो-टैगिंग, जल गुणवत्ता परीक्षण और डीएसएस के कार्यान्वयन में तेजी लाने तथा 31 दिसंबर 2026 तक प्रगति अद्यतन करने का अनुरोध किया गया।

संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित इस सम्मेलन में गणमान्य व्यक्तियों और प्रतिभागियों ने भारत के संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन भी किया तथा न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

राष्ट्रीय जल जीवन मिशन के निदेशक वाई.के. सिंह ने जल जीवन मिशन 2.0 के अंतर्गत प्रमुख सुधार स्तंभों की जानकारी दी। उन्होंने टिकाऊ ग्रामीण जल सेवा वितरण के लिए ग्राम पंचायतों और जिला स्तरीय संस्थाओं को मजबूत करने पर जोर दिया। प्रदर्शन के आधार पर मानक निर्धारण, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, तृतीय-पक्ष निरीक्षण, जल गुणवत्ता निगरानी, जल स्रोतों की स्थिरता और सुजलम भारत पोर्टल के माध्यम से डिजिटल शासन के महत्व को रेखांकित किया गया। राज्यों से सुजलम भारत आईडी बनाने, जीआईएस-आधारित परिसंपत्ति टैगिंग और पाइपलाइन मैपिंग में तेजी लाने तथा हर घर जल प्रमाणन, जल अर्पण, जल सेवा अर्पण और जल उत्सव जैसी पहलों के माध्यम से सामुदायिक भागीदारी को मजबूत करने का आग्रह किया गया।

ग्राम पंचायत के पदाधिकारियों, ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति (वीडब्ल्यूएससी) के सदस्यों और जिला तकनीकी दलों के लिए समयबद्ध क्षमता निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया गया। साथ ही, गांव स्तर पर संचालन एवं रखरखाव को मजबूत करने के लिए प्रशिक्षित नल जल मित्रों की तैनाती पर भी बल दिया गया। राज्यों को संचालन एवं रखरखाव संबंधी नीतियां तैयार करने, निवारक रखरखाव की कार्यप्रणालियां अपनाने, वित्तीय स्थिरता सुनिश्चित करने तथा अनुसंधान, नवाचार और परिणाम-आधारित वित्तपोषण को बढ़ावा देने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया। सुचारू वित्तीय प्रवाह और टिकाऊ पेयजल सेवा वितरण सुनिश्चित करने के लिए भुगतान व्यवस्था से जुड़ी निर्धारित समय-सीमाओं के भीतर चिह्नित सुधारों को लागू करने के महत्व पर जोर दिया गया।

वाई.के. सिंह ने संस्थागत और वित्तीय स्थिरता पर भी प्रस्तुति दी। उन्होंने ग्रामीण जल आपूर्ति प्रणालियों के संचालन एवं रखरखाव के लिए ग्राम पंचायतों की वित्तीय क्षमता मजबूत करने हेतु जल और स्वच्छता के लिए निर्धारित 16वें वित्त आयोग के आबद्ध अनुदानों के उपयोग पर प्रकाश डाला। इन संसाधनों को अन्य अभिसरण निधियों और उपयोगकर्ता शुल्क से प्राप्त राशि के साथ एकीकृत करने तथा जल एवं स्वच्छता संबंधी गतिविधियों को ग्राम पंचायत विकास योजनाओं (जीपीडीपी) में शामिल करने के महत्व पर जोर दिया गया। गांव स्तर पर टिकाऊ सेवा वितरण सुनिश्चित करने के लिए जल स्रोतों की स्थिरता, जल गुणवत्ता प्रबंधन, बिजली की लागत, जल आपूर्ति योजनाओं का सौर ऊर्जाकरण, जल निकासी और ग्रे-वॉटर प्रबंधन जैसे प्राथमिकता वाले क्षेत्रों को भी रेखांकित किया गया।

राष्ट्रीय जल जीवन मिशन की उप सचिव कृतिका कुल्हारी ने पीएम-जनमन और डीएजेजीयूए पर प्रस्तुति दी। उन्होंने इसकी प्रगति और कार्यान्वयन संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी देते हुए चिह्नित जनजातीय बस्तियों में ग्रामीण पेयजल आपूर्ति की शत-प्रतिशत पहुंच सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी चिह्नित विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (पीवीटीजी) और जनजातीय बहुल बस्तियों में पेयजल कवरेज सुनिश्चित करने पर ध्यान केंद्रित किया।

राज्यों से निर्धारित विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) जांच-सूची के अनुसार पूर्ण प्रस्ताव प्रस्तुत करने का अनुरोध किया गया। इन प्रस्तावों के साथ मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली शीर्ष समिति की मंजूरी, जनजातीय कार्य विभाग और संबंधित जल आपूर्ति विभागों का संयुक्त प्रमाणन, दोहराव न होने संबंधी प्रमाण-पत्र तथा उचित तकनीकी औचित्य प्रस्तुत करना आवश्यक है। राज्यों से अपने संबंधित जनजातीय कार्य विभागों के साथ समन्वय कर छूटी हुई बस्तियों की पहचान करने, अभिलेख अद्यतन करने तथा पेयजल आपूर्ति योजनाओं की समय पर मंजूरी और कार्यान्वयन के लिए जल्द से जल्द पूर्ण प्रस्ताव प्रस्तुत करने का आग्रह किया गया।

कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय (एमओएसडीई) के प्रतिनिधि अविनाश किशोर ने नल जल मित्रों के कौशल विकास, सुजलम शक्ति और कौशल के औपचारिकीकरण पर प्रस्तुति दी। उन्होंने ग्रामीण जल क्षेत्र के कर्मियों, जिनमें स्थानीय तकनीशियन, प्लंबर, राजमिस्त्री, इलेक्ट्रीशियन और ऑपरेटर शामिल हैं, के लिए कौशल पारिस्थितिकी तंत्र और क्षमता निर्माण संबंधी पहलों को मजबूत करने के लिए जारी प्रयासों की जानकारी दी।

ग्रामीण विकास मंत्रालय (एमओआरडी) के अधिकारियों गौरी शंकर और राज किशोर सिंह ने विस्तृत प्रस्तुति दी। इसमें जल संरक्षण संरचनाओं के निर्माण, जल स्रोतों को मजबूत करने, स्थिरता संबंधी पहलों को समर्थन देने और सुजलम शक्ति को शामिल करने के लिए वीबी-जी राम जी जैसी योजनाओं के साथ अभिसरण के अवसरों पर प्रकाश डाला गया।

भाग लेने वाले राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के वरिष्ठ अधिकारियों ने मिशन के अंतर्गत हासिल की गई प्रगति की जानकारी देते हुए प्रस्तुतियां दीं। उन्होंने राज्य की पहलों, डिजिटल हस्तक्षेपों, सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईईसी), अभिसरण, स्थिरता संबंधी उपायों के कार्यान्वयन, संस्थागत सुधारों और सामुदायिक भागीदारी से जुड़े अनुभव साझा किए।

प्रतिनिधियों ने सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों का आदान-प्रदान किया और जल स्रोतों की स्थिरता, योजनाओं की कार्यक्षमता, संचालन एवं रखरखाव, क्षमता निर्माण तथा वित्तीय स्थिरता से जुड़ी उभरती चुनौतियों पर चर्चा की। प्रतिभागियों ने सेवा वितरण में सुधार और शासन प्रणालियों को मजबूत करने के लिए राज्य स्तर पर अपनाए गए नवाचारपूर्ण तरीकों पर भी विचार-विमर्श किया।

सम्मेलन में व्यापक कार्यान्वयन एवं सुधार योजनाओं (सीआईआरपी) के कार्यान्वयन, टिकाऊ संचालन एवं रखरखाव, जल स्रोतों की स्थिरता, वित्तीय स्थिरता और संस्थागत सुदृढ़ीकरण पर विचार-विमर्श किया गया। प्रतिभागियों ने जेजेएम 2.0 के अंतर्गत दीर्घकालिक कार्यक्षमता और टिकाऊ ग्रामीण पेयजल सेवा वितरण सुनिश्चित करने के लिए सामुदायिक स्वामित्व, पंचायत-आधारित जल शासन, क्षमता विकास और अंतर-मंत्रालयी अभिसरण को प्रमुख सक्षम कारकों के रूप में भी चर्चा की।

सम्मेलन के दूसरे दिन उत्तर प्रदेश की चयनित पांच ग्रामीण पेयजल आपूर्ति योजनाओं और गांवों का क्षेत्रीय दौरा किया जाएगा। इस दौरान जल अर्पण तथा सेवा वितरण, जल स्रोतों की स्थिरता, संचालन एवं रखरखाव और समुदाय-आधारित जल शासन से जुड़ी सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों का अवलोकन किया जाएगा। इस क्षेत्रीय अनुभव से विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के बीच परस्पर सीखने को बढ़ावा मिलने तथा सफल मॉडलों को अन्य क्षेत्रों में अपनाने में सहायता मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button
btnimage