यूपी की 96 चीनी मिलों में पेराई शुरू, गन्ना मूल्य भुगतान में भी बना नया कीर्तिमान

लखनऊ, 25 नवंबर 2026।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार गन्ना किसानों के हितों और उनकी आर्थिक समृद्धि को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। प्रदेश में वर्तमान पेराई सत्र के दौरान अब तक कुल 96 चीनी मिलों ने पेराई कार्य प्रारंभ कर दिया है। इनमें 01 निगम क्षेत्र, 17 सहकारी क्षेत्र और 78 निजी क्षेत्र की चीनी मिलें शामिल हैं।
संचालित चीनी मिलों द्वारा अब तक कुल 707 लाख कुंतल गन्ने की पेराई की जा चुकी है, जिससे 63.80 लाख कुंतल चीनी का उत्पादन हुआ है। यह प्रदेश के चीनी उद्योग की सक्रियता और गन्ना किसानों के सहयोग को दर्शाता है।
गन्ना किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य और समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। इसी क्रम में विभागीय निगरानी और सख्त निर्देशों के परिणामस्वरूप वर्तमान पेराई सत्र में अब तक देय गन्ना मूल्य 552.23 करोड़ रुपये के सापेक्ष चीनी मिलों द्वारा शत-प्रतिशत से भी अधिक भुगतान किया जा चुका है। यह भुगतान सीधे किसानों के बैंक खातों में अंतरित किया गया है।
गन्ना आयुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास विभाग किसानों के हितों के संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। गन्ना मूल्य का त्वरित भुगतान सुनिश्चित करने के लिए चीनी मिलों को प्राथमिकता के आधार पर निर्देशित किया गया है।
समय पर गन्ना मूल्य मिलने से किसानों को खाद, बीज और आगामी फसलों की तैयारी के लिए आर्थिक सहायता मिल रही है। साथ ही बिचौलियों और भुगतान में देरी जैसी समस्याओं से भी राहत मिल रही है।
प्रदेश सरकार का उद्देश्य गन्ना किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना, उनकी आय को स्थिरता प्रदान करना और उत्तर प्रदेश के चीनी उद्योग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।









