वन मंत्री की अध्यक्षता में पीलीभीत बाघ संरक्षण फाउण्डेशन के शासी निकाय (गवर्निंग बॉडी) की तृतीय बैठक सम्पन्न

लखनऊ: 09 सितम्बर, 2026
वन विभाग मुख्यालय स्थित पारिजात कक्ष में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) वन, पर्यावरण, जन्तु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, उत्तर प्रदेश, डा0 अरूण कुमार सक्सेना की अध्यक्षता में पीलीभीत बाघ संरक्षण फाउण्डेशन के शासी निकाय (गवर्निंग बॉडी) की तृतीय बैठक सम्पन्न हुई।
शासी निकाय की द्वितीय बैठक दिनांक 01.11.2025 की कार्यवाही, पिछली बैठक दिनांक 01.11.2025 में लिए गए निर्णय के सापेक्ष कृत कार्यवाही, वित्तीय वर्ष 2025-26 के प्राविधानित कार्यों के विरूद्ध आय-व्यय का विवरण, पीलीभीत टाइगर कंजर्वेशन फाउण्डेशन की वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-2026 की बैलेंस शीट का अवलोकन और अनुमोदन, पर्यटन सत्र 2026-27 हेतु प्रस्तावित दरें एवं वित्तीय वर्ष 2026-27 में पीलीभीत बाघ संरक्षण फाउण्डेशन में उपलब्ध धनराशि के सापेक्ष विभिन्न क्षेत्रों में प्रस्तावित कार्य, पीलीभीत टाइगर रिजर्व एवं अन्य एजेण्डा बिन्दुओं पर विचार-विमर्श के उपरान्त शासी निकाय (गवर्निंग बॉडी) ने प्रस्तावों का अनुमोदन किया।
राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) ने पीलीभीत बाघ संरक्षण फाउण्डेशन के गठन के पश्चात् फाउण्डेशन द्वारा किये गये कार्यों व पीलीभीत टाइगर रिजर्व के समीपवर्ती क्षेत्रों में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं की रोकथाम के लिए किए गए प्रभावी उपायों की सराहना करते हुए कहा कि इस दिशा में निरन्तर जागरूक रहते हुए सतर्कता पूर्वक त्वरित कार्यवाही की जाए।
अध्यक्ष, शासी निकाय (गवर्निंग बॉडी) डा0 अरूण कुमार सक्सेना ने पीलीभीत टाइगर रिजर्व में इको पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए पर्यटकों को और अधिक पर्यावरण मित्र सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
अध्यक्ष ने कहा कि मानव-वन्यजीव संघर्ष से पीड़ित ग्रामवासियों व उनके परिवारों के प्रति सहानुभूति व्यक्त करते हुए शासन द्वारा दी गयी सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व का प्रधानमंत्री, नरेन्द्र मोदी द्वारा मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात‘ में पीलीभीत टाइगर रिजर्व में बाघ मित्रों के कार्यों का उल्लेख करने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए समस्त अधिकारियों व कर्मचारियों को इस सफलता के लिए बधाई दी।
शासी निकाय (गवर्निंग बॉडी) की बैठक में राज्य मंत्री वन, पर्यावरण, जन्तु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, उत्तर प्रदेश, के0 पी0 मलिक जी ने कहा कि वन्यजीव विशेषकर बाघों के संरक्षण में पीलीभीत टाइगर रिजर्व ने सराहनीय कार्य किया है, तथा जैव विविधता संरक्षण व संवर्द्धन व प्राकृतवास समृद्ध करने के फलस्वरूप मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं में कमी आयी है। मलिक ने कहा कि इन प्रयासों की निरन्तरता बनाए रखना आवश्यक है।
समिति की उपाध्यक्ष, शासी निकाय (गवर्निंग बॉडी) समिति के उपाध्यक्ष, प्रमुख सचिव, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन, उत्तर प्रदेश शासन, वी0 हेकाली झिमोमी ने कहा कि पीलीभीत टाइगर रिजर्व फाउण्डेशन की आय के स्रोत बढ़ाने के लिए निरन्तर प्रयास किये जा रहे है तथा स्वेच्छा से दानदाताओं को दान देने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पीलीभीत टाइगर रिजर्व में बाघों की संख्या बढ़ने तथा इको पर्यटन की दृष्टि से आर्कषक स्थल बनने के कारण पयटकांे की संख्या में वृद्धि होने से पर्यटकों व वाहनों से प्राप्त होने वाले शुल्क से उल्लेखनीय वृद्धि हो रही है।
पदेन सदस्य, शासी निकाय (गवर्निंग बॉडी)/प्रधान मुख्य वन संरक्षक और विभागाध्यक्ष, उत्तर प्रदेश, श्री सुनील चौधरी ने कहा कि आज शासी निकाय (गवर्निंग बॉडी) की हो रही बैठक लगभग 10 माह पश्चात हो रही है तथा फाउण्डेशन अपने गठन के उद्देश्यों को प्राप्त करने के लिए प्रयासरत् है। बाघ संरक्षण फाउण्डेशन, पीलीभीत टाइगर रिजर्व के साथ-साथ निकटवर्ती क्षेत्रों में निवास कर रहे समुदायों के शैक्षणिक व आर्थिक उन्नयन तथा आवश्यक अनुसंधान कार्यों में भी योगदान दे रहा है।
शासी निकाय (गवर्निंग बॉडी) समिति की सदस्य सचिव, प्रधान मुख्य वन संरक्षक, वन्यजीव/मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक, श्रीमती अनुराधा वेमुरी ने माननीय मंत्रिगणों का स्वागत करते हुए कहा कि शासी निकाय (गवर्निंग बॉडी) की बैठक में माननीय मंत्रिगणों से प्राप्त मार्गनिर्देशों से पीलीभीत टाइगर रिजर्व के प्रबन्धन को नयी दिशा व गति प्राप्त होगी। श्रीमती वेमुरी ने कहा कि पीलीभीत टाइगर रिजर्व के समीपवर्ती क्षेत्रों में इको विकास समितियों के माध्यम से पर्यावरण मित्र कार्य संपादित कराये जाने के कारण क्षेत्र में बाघों की संख्या में वृद्धि हो रही हे।
अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक, रूहेलखण्ड बरेली जोन/फील्ड निदेशक, पीलीभीत टाइगर रिजर्व, पी0पी0 सिंह ने शासी निकाय (गवर्निंग बॉडी) की विगत अनुपालन की कार्यों की प्रगति तथा पीलीभीत बाघ संरक्षण फाउण्डेशन की स्थापना व उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
बैठक में माननीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) वन, पर्यावरण, जन्तु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, उत्तर प्रदेश, डा0 अरूण कुमार सक्सेना की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित बैठक में माननीय राज्य मंत्री वन, पर्यावरण, जन्तु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, उत्तर प्रदेश, के0पी0 मलिक, प्रमुख सचिव, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन, उत्तर प्रदेश शासन, वी0 हेकाली झिमोमी, प्रधान मुख्य वन संरक्षक और विभागाध्यक्ष, सुनील चौधरी, प्रधान मुख्य वन संरक्षक, वन्यजीव/मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक, अनुराधा वेमुरी, अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक, रूहेलखण्ड बरेली जोन/फील्ड निदेशक, पीलीभीत टाइगर रिजर्व, पी0पी0 सिंह, उप निदेशक, पीलीभीत टाइगर रिजर्व, पीलीभीत, मनीष सिंह एवं पीलीभीत टाइगर रिजर्व से चयनित जिला पंचायत पीलीभीत के प्रतिनिधि ने प्रतिभाग किया।







