05 वर्ष से अधिक पुराने राजस्व मामलों का प्राथमिकता से हो निस्तारण : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

महिला एवं बाल अपराधों पर त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई के निर्देश, साप्ताहिक क्राइम एनालिसिस पर जोर

जनशिकायतों के निस्तारण में कागजी कार्रवाई नहीं, वास्तविक समाधान सुनिश्चित करें : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज शासन स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों एवं फील्ड अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक में राजस्व न्यायालयों में लंबित मामलों, जनशिकायतों, कानून-व्यवस्था, आगामी पर्वों की तैयारियों तथा बाढ़ राहत कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि 05 वर्ष से अधिक पुराने राजस्व मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की जमीन, संपत्ति एवं अधिकारों से जुड़े मामलों में ‘तारीख पर तारीख’ की प्रवृत्ति हर हाल में समाप्त होनी चाहिए। धारा-33 के अविवादित वरासत मामलों का मिशन मोड में निस्तारण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

जनशिकायतों का हो संतुष्टिपरक निस्तारण

मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन एवं आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता की वास्तविक समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने गलत अथवा असंतोषजनक निस्तारण वाले मामलों की पुनः समीक्षा कराने तथा संबंधित जिलों से 05 दिन के भीतर स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए।

महिला एवं बाल अपराधों पर त्वरित कार्रवाई

बैठक में प्रदेश की कानून-व्यवस्था एवं अपराध की स्थिति की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में त्वरित, प्रभावी एवं संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने जोन एवं रेंज स्तर पर साप्ताहिक क्राइम एनालिसिस कराने तथा माफियाओं के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान को निरंतर जारी रखने के निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि 13 जुलाई से 23 अगस्त के बीच गंभीर अपराधों में 5.1 प्रतिशत तथा महिलाओं के विरुद्ध अपराधों में 3.9 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।

जन्माष्टमी एवं गणेश चतुर्थी पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था

मुख्यमंत्री ने आगामी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, गणेश चतुर्थी एवं अन्य पर्वों की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने मथुरा-वृंदावन में व्यापक क्राउड कंट्रोल प्लान तैयार करने तथा श्री बांके बिहारी मंदिर के लिए अलग कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।

गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान हाईटेंशन तारों एवं उफनती नदियों को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।

संवेदनशील मामलों में 24×7 अलर्ट रहे प्रशासन

मुख्यमंत्री ने गो-तस्करी, धर्मांतरण, धार्मिक स्थलों से जुड़ी घटनाओं तथा अन्य संवेदनशील मामलों में प्रशासन एवं पुलिस को 24×7 अलर्ट रहने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि संवेदनशील मामलों में सूचना तंत्र को मजबूत रखते हुए समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे किसी भी स्थिति को गंभीर रूप लेने से पहले नियंत्रित किया जा सके।

बाढ़ प्रभावित जिलों में राहत कार्यों की समीक्षा

बैठक के दौरान चित्रकूट, फर्रुखाबाद, अयोध्या, आजमगढ़ एवं बाराबंकी में बाढ़ राहत कार्यों की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने राहत शिविरों में गुणवत्तापूर्ण भोजन, आवश्यक सुविधाओं तथा प्रभावित लोगों की समुचित देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में एंटी-वेनम एवं एंटी-रेबीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप जनता को त्वरित राहत, प्रभावी न्याय एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button
btnimage