यूपी विधानसभा सत्र से पहले सर्वदलीय बैठक, अध्यक्ष सतीश महाना ने की सहयोग की अपील

लोकतन्त्र में संवाद अत्यन्त महत्वपूर्ण, यह सदन जनप्रतिनिधियों को संवाद करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करता, संवाद की समीक्षा से निकले परिणाम जनोपयोगी होते : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने विधान परिषद सभा मण्डप के सौन्दर्यीकरण कार्य व डिजिटल लाइब्रेरी तथा विधान भवन के भूतल स्थित नवीनीकृत कॉरिडोर व विधान सभा के नवनिर्मित पॉडकास्ट स्टूडियो का उद्घाटन किया

उत्तर प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना ने विधान सभा सत्र के सुचारु संचालन के लिए सभी दलों से सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया है। आज यहां विधान भवन में आहूत एक सर्वदलीय बैठक में उन्होंने कहा कि सदन सभी के सहयोग से ही चलता है। सदन की सकारात्मक कार्यसंस्कृति में तार्किक, तथ्यपरक एवं गुणवत्तापूर्ण संवाद के माध्यम से जनसमस्याओं का सार्थक समाधान किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश का परसेप्शन देश और दुनिया में बदला है।


मुख्यमंत्री तथा नेता सदन योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लोकतन्त्र में संवाद अत्यन्त महत्वपूर्ण है। यह सदन जनप्रतिनिधियों को संवाद करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करता है। संवाद की समीक्षा से निकले परिणाम जनोपयोगी होते हैं। कल 03 अगस्त से उत्तर प्रदेश विधान मण्डल के वर्ष 2026 के तृतीय सत्र का शुभारम्भ होगा। विगत वर्षां में विधान सभा ने पूरे देश में संसदीय कार्य प्रणाली की नजीर प्रस्तुत की है, इससे लोकतंत्र मजबूत हुआ है। सदन स्वस्थ चर्चा-परिचर्चा के लिए जाना जा रहा है। यह कार्य दलीय नेताओं के सहयोग से सम्भव हुआ है। विगत 09 वर्षों में उत्तर प्रदेश के बारे में देश-दुनिया की धारणा बदली है। प्रदेश की अर्थव्यवस्था तथा प्रतिव्यक्ति आय में 03 गुना वृद्धि हुई है। यह सकारात्मक परिवर्तन सदन में हुई चर्चा-परिचर्चा से सम्भव हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने सत्र के सुचारु संचालन में सत्ता पक्ष के पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सदन की उच्च गरिमा और मर्यादा को बनाए रखते हुए गम्भीर चर्चा को आगे बढ़ाने से लोकतंत्र के प्रति आमजन की आस्था बढ़ती है। प्रदेश सरकार राज्य के विकास एवं जनकल्याण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार है। संसदीय परम्पराओं का पालन करते हुए सभी सदस्यों को अपने सुझावों एवं मुद्दों को सदन में रखना चाहिए। विधान सभा में सकारात्मक माहौल में चर्चा होनी चाहिए।


संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि पक्ष एवं विपक्ष के सहयोग से ही सदन को सुचारु रूप से चलाया जा सकता है। सभी दलों ने सदन की कार्यवाही के निर्बाध संचालन में सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया है। यह एक अच्छी परम्परा है। विगत 09 वर्षों में मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में प्रदेश ने प्रत्येक क्षेत्र में कीर्तिमान स्थापित किए हैं। कभी प्रदेश का बुन्देलखण्ड क्षेत्र पानी के अभाव में तरस रहा था। प्रदेश सरकार के प्रयासों से वहां सिंचाई सुविधाओं का अभूतपूर्व विकास किया गया है, परिणामस्वरूप अब बुन्देलखण्ड में धान व गेहूं जैसी फसलों की अच्छी पैदावार हो रही है। सदन का वर्तमान सत्र आगामी 03 अगस्त से प्रारम्भ हो रहा है। इस सत्र में दूसरे दिन 06 विधेयकों पर चर्चा की जाएगी। 04 अगस्त को सप्लीमेन्ट्री बजट प्रस्तुत किया जाएगा तथा 06 अगस्त को मुख्यमंत्री जी का सम्बोधन होगा।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य तथा मत्स्य मंत्री श्री संजय निषाद भी उपस्थित थे।

इस बैठक में नेता प्रतिपक्ष समाजवादी पार्टी के माता प्रसाद पाण्डेय, अपना दल (सोनेलाल) के डॉ0 आर0के0 पटेल, राष्ट्रीय लोकदल के राजपाल बालियान, पंचायती राज मंत्री व सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के ओम प्रकाश राजभर, निर्बल इण्डियन शोषित हमारा आम दल के रमेश सिंह, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की आराधना मिश्रा ‘मोना‘ तथा जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के रघुराज प्रताप सिंह ने अपने-अपने दलों की ओर से पूरा सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।

इसके पूर्व, मुख्यमंत्री ने विधान परिषद सभा मण्डप के सौन्दर्यीकरण कार्य व डिजिटल लाइब्रेरी तथा विधान भवन के भूतल स्थित नवीनीकृत कॉरिडोर व विधान सभा के नवनिर्मित पॉडकास्ट स्टूडियो का उद्घाटन किया। इस अवसर पर विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेन्द्र सिंह भी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button
btnimage