UPCM ने लखीमपुर खीरी में विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया

उत्तर प्रदेश (लखीमपुर खीरी)।
UPCM ने जनपद लखीमपुर खीरी के ग्राम लाहौरी नगर में चौपाल लगायी। उन्होंने ग्रामीणों से एक-एक कर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में स्थलीय सत्यापन किया और कहा कि किन्हीं कारणवश जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित रह गये पात्र व्यक्तियों को सम्बन्धित विभाग कैम्प लगाकर लाभान्वित करे।
UPCM ने कार्यक्रम में कुल 3140.60 लाख रुपए की लागत की 10 परियोजनाओं का लोकार्पण और 7071.77 लाख रुपए की लागत की 55 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने गन्ना उत्पादन में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले जिले के कृषक अचल मिश्र को सम्मानित किया।
साथ ही, हाईस्कूल परीक्षा 2018 में जनपद में तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली श्रुति वर्मा को प्रशस्ति पत्र, मेडल, 21000 रुपए की धनराशि का चेक और टैबलेट देकर सम्मानित किया। उन्होंने ग्राम लाहौरी नगर की निवासी ममता देवी को उज्ज्वला योजना के अंतर्गत गैस सिलेण्डर प्रदान किया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अन्र्तगत पूजा स्वयं सहायता समूह की सुश्री सुनीता देवी को रिवाॅल्विंग फण्ड की धनराशि और अंगेश पुत्र रूपन निवासी जगतिया ओयल को प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की द्वितीय किश्त का स्वीकृत पत्र प्रदान किया।
इस दौरान पंचायतीराज राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भूपेन्द्र सिंह चौधरी, जिले की प्रभारी मंत्री गुलाबो देवी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तथा बड़ी संख्या में जनसमुदाय उपस्थित रहा।








