UPCM ने उत्तर प्रदेश माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद की वेबसाइट का लोकार्पण किया

उत्तर प्रदेश।
UPCM ने शास्त्री भवन में उत्तर प्रदेश माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद की वेबसाइट का लोकार्पण किया। इस अवसर पर वर्ष 2018 के प्रथमा (कक्षा-8) पूर्व मध्यमा (कक्षा-10) और उत्तर मध्यमा (कक्षा-12) के परिणामों को वेबसाइट पर अपलोड किया गया।

UPCM ने वेबसाइट के लोकार्पण एवं परिणामों को अपलोड किए जाने के अवसर पर वीडियो काॅन्फ्रेन्सिंग के माध्यम से प्रथमा में जनपद जालौन के सुखदेव दीक्षित, पूर्व मध्यमा में जनपद जालौन के शिवपूजन और उत्तर मध्यमा में बदायूं जनपद के सोहित कुमार गुप्ता से सीधी बातचीत की। इन विद्यार्थियों ने परीक्षाओं में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया है। साथ ही, उन्होंने प्रथमा में द्वितीय स्थान पर रही बस्ती जिले की हर्षिता एवं पूर्व मध्यमा में सातवें स्थान पर रही गोरखपुर की सुषमा से भी बात की।
UPCM ने परीक्षाओं में उत्तीर्ण सभी परीक्षार्थियों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शीघ्र ही इन परीक्षाओं में उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रदेश सरकार सम्मानित करेगी। उन्होंने टाॅपर्स एवं उनके शिक्षकों व अभिभावकों को खासतौर पर बधाई दी। उन्होंने टाॅपर्स के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि परीक्षा में उत्तीर्ण विद्यार्थी संस्कृत भाषा के उन्नयन व प्रचार-प्रसार के लिए अपना योगदान देंगे।

UPCM ने कहा कि यह हर्ष का विषय है कि उत्तर प्रदेश माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद की परीक्षाओं का परिणाम समय पर आया है। उन्होंने कहा कि यह इस बात का प्रतीक है कि संस्कृत भी प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रही है। उन्होंने वेबसाइट के शुभारम्भ और परीक्षा परिणामों के वेबसाइट पर अपलोड किए जाने पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि अब संस्कृत भाषा भी तकनीक के साथ जुड़ रही है। यह एक अभिनव प्रयोग है, जिसके लिए सभी बधाई के पात्र हैं।
UPCM ने कहा कि तकनीक के जुड़ने से अब परीक्षाओं व उनके परिणामों में शुचिता एवं पारदर्शिता आएगी। उन्होंने कहा कि वेबसाइट के शुभारम्भ और परीक्षा परिणामों को अपलोड कर संस्कृत शिक्षा के विकास एवं उन्न्यन हेतु उत्तर प्रदेश माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद ने सराहनीय कार्य किया है।
इस अवसर पर UP_Dy_CM डाॅ. दिनेश शर्मा, माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह, अपर मुख्य सचिव माध्यमिक शिक्षा संजय अग्रवाल, सूचना निदेशक डाॅ. उज्ज्वल कुमार, माध्यमिक शिक्षा निदेशक साहब सिंह निरंजन, उ.प्र. संस्कृत संस्थान के अध्यक्ष डाॅ. वाचस्पति मिश्र सहित उ.प्र. माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद के अध्यक्ष एवं सदस्यगण मौजूद रहे।
ज्ञातव्य है कि वर्ष 2018 की प्रथमा (कक्षा-8) की परीक्षा में कुल 2704 छात्र-छात्राएं सम्मिलित हुए, जिसमें से 1916 उत्तीर्ण हुए। उत्तीर्ण प्रतिशत 70.85 रहा। पूर्व मध्यमा (कक्षा-10) परीक्षा में 19,650 विद्यार्थी सम्मिलित हुए, जिसमें से 16,145 उत्तीर्ण हुए। इस परीक्षा में उत्तीर्ण प्रतिशत 82.16 रहा। उत्तर मध्यमा (कक्षा-12) में 13,486 विद्यार्थी सम्मिलित हुए, जिसमें से 9,305 उत्तीर्ण हुए। उत्तीर्ण प्रतिशत 68.99 रहा। उत्तर प्रदेश माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद के अन्तर्गत 1151 संस्कृत माध्यमिक विद्यालय/संस्कृत महाविद्यालय संचालित हैं। परिषद की वेबसाइट राष्ट्रीय सूचना केन्द्र (एन.आई.सी.) द्वारा तैयार की गई है। वर्ष 2018 की प्रथमा, पूर्व मध्यमा एवं उत्तर मध्यमा के उत्तीर्ण परीक्षार्थियों का विवरण वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है।








