इन्वेस्ट यूपी के राउंडटेबल में उद्योग जगत ने जताया भरोसा: मनोज कुमार सिंह

मुख्य सचिव की अध्यक्षता में इन्वेस्ट यूपी द्वारा मुंबई में आयोजित किया उच्च स्तरीय निवेशक राउंडटेबल

मुंबई: मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश सरकार की निवेश प्रोत्साहन एवं सुविधा एजेंसी इन्वेस्ट यूपी  द्वारा मुंबई के जिओ वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में एक उच्चस्तरीय निवेशक राउंडटेबल का आयोजन किया गया। इस बैठक का संचालन इन्वेस्ट यूपी के सीईओ विजय किरण आनंद द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों की अग्रणी औद्योगिक इकाइयों के प्रमुखों ने भाग लिया और उत्तर प्रदेश की प्रगतिशील नीतियों व निवेश अनुकूल माहौल की सराहना करते हुए डेटा सेंटर, हरित ऊर्जा, सीमेंट और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों में बड़े निवेश की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

इस अवसर पर मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में उत्तर प्रदेश भारत का सबसे आकर्षक निवेश गंतव्य बनकर उभरा है। राज्य सरकार त्वरित एवं पारदर्शी निवेश-वातावरण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। हम प्रगतिशील उद्यमों का स्वागत करते हैं और उनकी विकास यात्रा में भागीदार बनने का संकल्प लेते हैं।

हीरानंदानी समूह के अध्यक्ष डॉ. निरंजन हीरानंदानी ने योट्टा डेटा सर्विसेज द्वारा 30 मेगावाट क्षमता का डेटा सेंटर केवल 18 महीनों में स्थापित करने में मिली सफलता को साझा किया। उन्होंने इसकी क्षमता 30 मेगावाट की वृद्धि करने की घोषणा की तथा ₹28,440 करोड़ की चिप निर्माण परियोजना (Tarq Semiconductors, नोएडा) की जानकारी दी, जिसे राज्य के मा. मंत्रिपरिषद से स्वीकृति मिल चुकी है।

अवाडा ग्रुप की उपाध्यक्ष सिंदूर मित्तल ने 1.5 GW सोलर मॉड्यूल निर्माण इकाई को मात्र 4 माह में प्रारंभ करने का श्रेय सरकार की तत्परता को दिया तथा ₹20,000 करोड़ के अतिरिक्त निवेश की घोषणा की।

अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री के.सी. झंवर ने बताया कि कंपनी ने अलीगढ़, बारा, डाला, दादरी, टांडा, सिकंदराबाद और लखनऊ में सफलतापूर्वक विस्तार किया है। अब अलीगढ़, शाहजहांपुर और टांडा में ₹1,981 करोड़ के निवेश से विस्तार की योजना है। उन्होंने एकीकृत अनुमतियों को सुव्यवस्थित करने के प्रयासों के लिए राज्य के नेतृत्व की सराहना की और इन्वेस्ट यूपी की महत्वपूर्ण भूमिका की प्रशंसा की।

टाटा पावर रिन्यूएबल एनर्जी लिमिटेड के सीईओ एवं एमडी संजय बंगा ने बुंदेलखंड सहित कई क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाएं विकसित करने की योजना के विषय में बताया तथा ₹13,700 करोड़ के निवेश से दो 800 मेगावाट अल्ट्रा-सुपरक्रिटिकल पावर यूनिट्स स्थापित करने की घोषणा की।

बलरामपुर चीनी मिल्स के सीएफओ श्री प्रमोद पटवारी ने सरकार के निरंतर सहयोग की प्रशंसा की और बायोप्लास्टिक से संबंधित नवाचार के विस्तारीकरण की योजना के विषय में बताया।

यूपीडीएफ के एक प्रतिनिधिमंडल ने गोलमेज सम्मेलन में भाग लिया, जिसमें उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए प्रमुख निवेश प्रस्तावों की घोषणा की गई।

यूपीडीएफ के अध्यक्ष पंकज जायसवाल ने लखनऊ में एक निवेशक सम्मेलन और दुबई में एक रोड शो का प्रस्ताव रखा। कृष्णानंद समूह के प्रतिनिधि कपिल तिवारी ने बताया कि लखनऊ और नोएडा में 25 करोड़ रुपये के निवेश से रेडी मिक्स प्लास्टर प्लांट की योजना है, जबकि ईएन कम्युनिकेशन के प्रतिनिधि, राजीव रंजन सिंह ने यमुना एक्स्प्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र में 1,500 करोड़ रुपये के निवेश से महाभारत संग्रहालय का प्रस्ताव रखा है।

रिमेंस डीएसपी इंफ्रा के अर्नव गुप्ता ने लखनऊ में 5 करोड़ रुपये के निवेश से कोल्ड इमल्शन-आधारित रोड पैच मिक्स प्लांट के साथ विस्तार करने का प्रस्ताव रखा। लॉर्ड्स ग्रुप के प्रतिनिधि, श्री सचिदानंद उपाध्याय ने आईवीडी/मेडटेक और रूफ टॉप सोलर के लिए 1,500 करोड़ रुपये के निवेश से फैक्ट्री की स्थापना का प्रस्तावित की और डायसिस इंडिया के प्रतिनिधि, श्री सचिन सिंह ने 10 करोड़ रुपये के निवेश से अपने प्लांट की क्षमता को दोगुना करने की योजना से अवगत कराया।

यह राउंडटेबल उत्तर प्रदेश में निवेशकों के बढ़ते विश्वास एवं सुदृढ़ औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र को दर्शाता है। इन्वेस्ट यूपी द्वारा संचालित इस संवाद मंच ने उद्योग जगत और सरकार के बीच सहयोग को और सशक्त किया है।

Related Articles

Back to top button
btnimage