मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेस-वे का हरदोई, शाहजहांपुर तथा हापुड़ में स्थलीय निरीक्षण किया

गंगा एक्सप्रेस-वे पश्चिमी उ0प्र0 को प्रयागराज से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा

मुख्यमंत्री ने जनपद शाहजहांपुर में साढ़े तीन किमी0 लम्बी नवनिर्मित हवाई पट्टी का निरीक्षण किया
मुख्यमंत्री ने जनपद शाहजहांपुर में गंगा एक्सप्रेस-वे परियोजना की प्रगति की समीक्षा की
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विगत 10 वर्षों में देश में रेलवे, हवाई अड्डों और लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए: मुख्यमंत्री
गंगा एक्सप्रेस-वे को फर्रुखाबाद, आगरा एक्सप्रेस-वे और बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे से जोड़ा जाएगा
एक्सप्रेस-वे के किनारे औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए कई औद्योगिक क्लस्टर विकसित किए जा रहे
एक्सप्रेस-वे का निर्माण नवम्बर, 2025 तक पूरा कर लिया जाएगा, अब तक 85 प्रतिशत कार्य पूर्ण 
गंगा एक्सप्रेस-वे पर जनपद शाहजहांपुर में अन्तरराष्ट्रीय स्तर की हवाई पट्टी तैयार की गई, जिसका उपयोग आपातकालीन स्थितियों  में एरोप्लेन की लैण्डिंग और टेक-ऑफ के लिए किया जा सकेगा
महाकुम्भ जैसे आयोजनों के दृष्टिगत मेरठ से हरिद्वार, काशी, पूर्वांचल, गाजीपुर, शक्तिनगर एवं सोनभद्र तक भी कनेक्टिविटी परियोजनाएं विकसित की जाएंगी
मुख्यमंत्री ने जनपद हापुड़ में एक्सप्रेस-वे के निर्माण कार्याें से जुड़े श्रमिकों से संवाद किया
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेस-वे का 03 जनपदों हरदोई, शाहजहांपुर तथा हापुड़ में स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने एक्सप्रेस-वे परियोजना के कार्याें को निर्धारित समय में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने सर्वप्रथम जनपद हरदोई के मल्लावां एवं माधोगंज विकास खण्ड में गंगा एक्सप्रेस-वे का स्थलीय निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को एक्सप्रेस-वे परियोजना के कार्याें को गुणवत्ता के साथ समय से पूर्ण किये जाने के निर्देश दिए।
इसके उपरान्त, मुख्यमंत्री ने जनपद शाहजहांपुर की तहसील जलालाबाद के ग्राम पीरु में गंगा एक्सप्रेस-वे का स्थलीय निरीक्षण किया तथा जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर परियोजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने यूपीडा के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्याें को निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए। जनपद शाहजहांपुर में गंगा एक्सप्रेस-वे के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करने के दौरान मुख्यमंत्री जी ने साढ़े तीन किलोमीटर लम्बी नवनिर्मित हवाई पट्टी का भी निरीक्षण किया, जहां भारतीय वायु सेना के लड़ाकू विमानों की लैण्डिंग का पहला पूर्वाभ्यास शीघ्र ही होने जा रहा है।
समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विगत 10 वर्षों में देश में रेलवे, हवाई अड्डों और लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में हुए उल्लेखनीय कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वर्ष 2021 में प्रधानमंत्री ने स्वयं शाहजहांपुर में गंगा एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास किया था। गंगा एक्सप्रेस-वे को फर्रुखाबाद, आगरा एक्सप्रेस-वे और बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे से जोड़ा जाएगा। एक्सप्रेस-वे के किनारे औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए कई औद्योगिक क्लस्टर विकसित किए जा रहे हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश को प्रयागराज से जोड़ने के लिए गंगा एक्सप्रेस-वे के निर्माण का निर्णय वर्ष 2019 के प्रयागराज कुम्भ में लिया गया था। वर्ष 2020 में मंत्रिपरिषद से स्वीकृति मिलने के बाद तेजी से इस सम्बन्ध में कार्यवाही को आगे बढ़ाया गया। 594 किलोमीटर लम्बा तथा सिक्स लेन (भविष्य में आठ लेन के लिए तैयार) का यह एक्सप्रेस-वे पश्चिमी उत्तर प्रदेश को प्रयागराज से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। अब तक 85 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजना के लिए 18,000 एकड़ भूमि किसानों से खरीदी गयी। यूपीडा द्वारा इस परियोजना में निवेश कर निर्माण कराया जा रहा है। देश के सबसे बड़े एक्सप्रेस-वे के रूप में उभरेे गंगा एक्सप्रेस-वे का निर्माण चार पैकेजों में किया जा रहा है। इसका निर्माण नवम्बर, 2025 तक पूरा कर लिया जाएगा। गंगा एक्सप्रेस-वे पर जनपद शाहजहांपुर में अन्तरराष्ट्रीय स्तर की हवाई पट्टी तैयार की गई है, जिसका उपयोग आपातकालीन स्थितियों में एरोप्लेन की लैण्डिंग और टेक-ऑफ के लिए किया जा सकेगा। इसके अतिरिक्त इस पट्टी का उपयोग एम्बुलेन्स सहित इमरजेन्सी सेवाओं के लिए भी किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महाकुम्भ जैसे आयोजनों के दृष्टिगत मेरठ से हरिद्वार, काशी, पूर्वांचल, गाजीपुर, शक्तिनगर एवं सोनभद्र तक भी कनेक्टिविटी परियोजनाएं विकसित की जाएंगी। उन्होंने घोषणा की कि आगामी 02 मई को गंगा एक्सप्रेस-वे की हवाई पट्टी पर भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों का ऐतिहासिक लैण्डिंग शो आयोजित किया जाएगा।
वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि विगत 08 वर्षाें में मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश में किये गये विकास कार्याें से लोगों की सोच बदली है। उत्तर प्रदेश में विकास का पहिया घूम रहा है। अन्य प्रान्तों में भी लोगों की यह मांग है कि योगी जी जैसी सरकार उनके यहां भी हो। मुख्यमंत्री जी द्वारा शाहजहांपुर को एक दर्जन से अधिक विकास कार्यों की सौगात दी जा चुकी है।
मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने कहा कि 594 किलोमीटर लम्बा गंगा एक्सप्रेस-वे जनपद मेरठ से हापुड़, बुलन्दशहर, अमरोहा, सम्भल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ होते हुए प्रयागराज तक बना है। 02 नवम्बर, 2025 को कार्य पूर्ण होने पर जनता के लिए लोकार्पित किया जाएगा। 36,230 करोड़ रुपये की लागत से बनाए जा रहे गंगा एक्सप्रेस-वे के निर्माण कार्याें की कार्यदायी संस्था द्वारा 30 वर्ष की गारण्टी होगी।
मुख्यमंत्री ने जनपद हापुड़ की गढ़मुक्तेश्वर तहसील के आलमनगर बांगर गांव के समीप गंगा एक्सप्रेस-वे पर निर्णाणाधीन 960 मीटर लम्बे ओवरब्रिज का स्थलीय निरीक्षण भी किया। उन्होंने एक्सप्रेस-वे के निर्माण कार्याें से जुड़े श्रमिकों से संवाद भी किया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण एवं शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button
btnimage