अकबर नगरः सोमवार से हटाया जाएगा अवैध अतिक्रमण, दो शिफ्टों में होगी ध्वस्तीकरण की कार्यवाही

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने जारी किये आदेश, सुबह 7ः00 से 12ः00 बजे और फिर दोपहर 3ः00 से रात 8ः00 बजे तक होगी ध्वस्तीकरण की कार्यवाहीअकबर नगर के 1679 अध्यासियों को आवंटित किये गये हैं प्रधानमंत्री आवास, उपाध्यक्ष ने लोगों से की अपील, आवंटन पत्र प्राप्त करके तुरंत लें भवन का कब्जाअकबर नगर के विस्थापितों को आवंटित भवनों में कब्जा दिलाने के लिए एलडीए के अधिकारी व कर्मचारी बसन्तकुंज योजना में सुबह 7ः00 बजे से रात 9ः00 बजे तक रहेंगे उपस्थित
अकबर नगर प्रथम व द्वितीय में कुकरैल नदी व बंधे के बीच बने समस्त अवैध निर्माण/अतिक्रमण सोमवार से हटाये जाएंगे। लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने इस सम्बंध में आदेश जारी कर दिये हैं। ध्वस्तीकरण की कार्यवाही रोजाना दो शिफ्टों में की जाएगी, जिसके लिए सक्षम अधिकारियों के नेतृत्व में दो अलग-अलग टीमें गठित की गयी हैं।
लखनऊ विकास प्राधिकरण ने अकबर नगर के 1679 अध्यासियों को हरदोई रोड स्थित बसन्तकुंज योजना में प्रधानमंत्री आवास आवंटित किये हैं। लोगों को आवंटित भवनों का कब्जा प्राप्त करने में किसी तरह की कोई असुविधा न हो, इसके लिए भी अधिकारियों व कर्मचारियों की टीम गठित की गयी है। उक्त टीम सुबह 7ः00 बजे से रात 9ः00 बजे तक स्थल पर उपस्थित रहकर लोगों को सहयोग प्रदान करेगी। उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने शनिवार को अकबर नगर कैम्प का निरीक्षण करके तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही अधिकारियों को कार्यवाही के सम्बंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि अकबर नगर प्रथम व द्वितीय के सम्बंध में मा0 सर्वोच्च न्यायालय एवं मा0 उच्च न्यायालय में योजित विभिन्न रिट याचिकाओं/अनुज्ञा याचिकाओं में पारित आदेश के अनुपालन में दिनांक-10.06.2024 से स्थल पर ध्वस्तीकरण/अतिक्रमण हटाये जाने की कार्यवाही शुरू की जाएगी। इसके लिए प्राधिकरण के अधिकारियों, अभियंताओं व कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित करते हुए अलग-अलग टीमें गठित की गयी हैं। उक्त टीमें एलडीए सचिव विवेक श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में कार्य करेंगी और जिला प्रशासन, पुलिस व नगर निगम के सहयोग से मौके पर कार्यवाही सुनिश्चित कराएंगी।
उपाध्यक्ष ने बताया कि ध्वस्तीकरण की कार्यवाही सुबह 7ः00 से 12ः00 बजे व दोपहर 3ः00 से रात 8ः00 बजे तक दो शिफ्टों में की जाएगी। पहली शिफ्ट में कार्यवाही की जिम्मेदारी संयुक्त सचिव सुशील प्रताप सिंह को सौंपी गयी है। उनके नेतृत्व में विशेष कार्याधिकारी शशिभूषण पाठक, अधिशासी अभियंता संजीव कुमार गुप्ता व उप सचिव माधवेश कुमार को कार्यवाही के लिए नामित किया गया है। वहीं, दूसरी शिफ्ट में अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा के नेतृत्व में ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की जाएगी। इसमें सहयोग के लिए विशेष कार्याधिकारी देवांश त्रिवेदी, अधिशासी अभियंता राजकुमार व विशेष कार्याधिकारी रोहित सिंह को नामित किया गया है। ध्वस्तीकरण की कार्यवाही के लिए समस्त प्रवर्तन जोन के स्टाफ की भी ड्यूटी लगायी गयी है।
आवंटन की समस्या का तुरंत होगा निस्तारण
उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि अकबर नगर के 1679 अध्यासियों को प्रधानमंत्री आवास आवंटित किये गये हैं। प्राधिकरण द्वारा लगातार अकबर नगर में कैम्प लगाकर लोगों को आवंटन पत्र वितरित किये जा रहे हैं। साथ ही विस्थापितों की सहूलियत के लिए सभी आवंटन पत्र एलडीए की वेबसाइट पर भी अपलोड किये गये हैं, जिसे लोग आसानी से डाउनलोड कर सकते हैं। अभी तक अकबर नगर के लगभग 150 अध्यासियों को भवन का कब्जा प्राप्त कराया जा चुका है और वह लोग परिवार के साथ नये मकान में शिफ्ट भी हो गये हैं। उपाध्यक्ष ने अकबर नगर के अध्यासियों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द आवंटन पत्र प्राप्त करके भवन का कब्जा प्राप्त कर लें। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना का कार्य देख रहे विशेष कार्याधिकारी रवि नंदन सिंह की पूरे स्टाफ के साथ अकबर नगर स्थित कैम्प में ड्यूटी लगायी गयी है। अगर भवनों के आवंटन में किसी प्रकार की कोई समस्या आती है तो उनकी टीम मौके पर ही समस्या का निस्तारण सुनिश्चित कराएगी।
आवंटियों को मौके पर ही दिलाया जाएगा भवन का कब्जा
अकबर नगर के अध्यासियों को बसन्तकुंज योजना में आवंटित भवनों में कब्जा दिलाने के लिए भी अधिकारियों व कर्मचारियों की दो शिफ्ट में ड्यूटी लगायी गयी है। पहली शिफ्ट में सुबह 7ः00 से 2ः00 बजे तक विशेष कार्याधिकारी वन्दना पाण्डेय के पर्यवेक्षण में अनु सचिव बलराम व अधिशासी अभियंता अजय गोयल की ड्यूटी लगायी गयी है। जबकि, दूसरी शिफ्ट में दोपहर 2ः00 से रात 9ः00 बजे तक विशेष कार्याधिकारी रंजना अवस्थी के नेतृत्व में उप सचिव अतुल कृष्ण सिंह व अधिशासी अभियंता संजय जिंदल को कार्यवाही के लिए नामित किया गया है। उक्त टीम बसन्तकुंज में उपस्थित रहेगी और अधिशासी अभियंता, जोन-7 अजीत कुमार के साथ समन्वय स्थापित करते हुए लोगों को भवन का कब्जा दिलाएगी।








