एलडीए : पारा में शाॅपिंग काॅम्पलेक्स व अवैध रो-हाउस भवन, हजरतगंज में मल्टीस्टोरी बिल्डिंग सील

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-3 व प्रवर्तन जोन-6 की टीम ने अवैध निर्माणों पर की कार्यवाही
लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी के निर्देश पर शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के क्रम में गुरूवार को प्रवर्तन दस्ते ने हजरतगंज व पारा थानाक्षेत्र में कार्यवाही की। इस दौरान स्वीकृत शमन मानचित्र के विपरीत निर्मित की जा रही 01 व्यावसायिक बिल्डिंग, 02 शाॅपिंग काॅम्पलेक्स व 07 रो-हाउस भवनों को सील किया गया।
प्रवर्तन जोन-3 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि कमलेश वर्मा व अन्य द्वारा पारा की अवन्ती विहार कालोनी में लगभग 1600 वर्गफिट क्षेत्रफल के भूखण्ड पर दुकानों व कमरों का निर्माण करवाया जा रहा था। इसके अलावा शेखर शुक्ला व अन्य द्वारा पारा की पिंक सिटी में लगभग 5000 वर्गफिट क्षेत्रफल में 07 रो-हाउस भवनों का निर्माण करवाया जा रहा था। वहीं, राजू बिल्डर व अन्य द्वारा पिंक सिटी में लगभग 2000 वर्गफिट क्षेत्रफल के भूखण्ड पर दुकानों व कमरों का निर्माण करवाया जा रहा था। प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराये बिना किये जा रहे इन निर्माण कार्यों के विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए सीलिंग के आदेश पारित किये गये थे।

जिसके अनुपालन में सहायक अभियंता शिवा सिंह के नेतृत्व में अवर अभियंता शशिभूषण मिश्रा, रवि शंकर राय व अम्बरीश कुमार द्वारा प्राधिकरण पुलिस व स्थानीय थाने के पुलिस बल के सहयोग से उक्त अवैध निर्माणों को सील कर दिया गया।
प्रवर्तन जोन-6 के जोनल अधिकारी संजीव कुमार गुप्ता ने बताया कि अजय कालरा व अन्य द्वारा हजरतगंज में प्राग नारायण रोड पर भूखण्ड संख्या-54/ए/1/5 पर लगभग 300 वर्गमीटर क्षेत्रफल में स्वीकृत शमन मानचित्र के विपरीत पांच मंजिला व्यावसायिक बिल्डिंग का निर्माण करवाया जा रहा था। जिसके विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए सीलिंग के आदेश पारित किये गये थे।

इसके अनुपालन में अवर अभियंता संजय शुक्ला व राकेश कुमार द्वारा गुरूवार को प्राधिकरण पुलिस व स्थानीय थाने के पुलिस बल के सहयोग से उक्त बिल्डिंग को सील कर दिया गया।








