एलडीएः काकोरी में अवैध प्लाटिंग ध्वस्त, गुड़म्बा में 180 रो-हाउस भवन व व्यावसायिक निर्माण सील

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-3 व प्रवर्तन जोन-5 की टीम ने की कार्यवाही
लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी के निर्देश पर शहर में अवैध निर्माण/प्लाटिंग के खिलाफ लगातार चलाये जा रहे अभियान के क्रम में गुरूवार को भी एलडीए के प्रवर्तन दस्ते ने बड़ी कार्यवाही की। इस दौरान काकोरी में लगभग 10 बीघा क्षेत्रफल में की गयी अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया। वहीं, गुड़म्बा में अवैध रूप से निर्मित किये गये 180 रो-हाउस भवन व जानकीपुरम में एक व्यावसायिक निर्माण को सील किया गया।
प्रवर्तन जोन-3 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि करन यादव, मनोज चंदवानी, मदन गोपाल तिवारी व अन्य द्वारा मौदा, मोहान रोड पर लगभग 10 बीघा क्षेत्रफल में अवैध रूप से प्लाटिंग का कार्य करते हुए कालोनी विकसित की जा रही थी। प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृत कराये बिना की जा रही अवैध प्लाटिंग के विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए ध्वस्तीकरण के आदेश पारित किये गये थे।
जिसके अनुपालन में सहायक अभियंता अनिल कुमार के नेतृत्व में अवर अभियंता भानु प्रकाश वर्मा, भरत पाण्डेय व प्रमोद कुमार पाण्डेय द्वारा प्राधिकरण पुलिस व स्थानीय थाने के पुलिस बल के सहयोग से अवैध प्लाटिंग के ध्वस्तीकरण की कार्यवाही करायी गयी। इस दौरान डेवलपर द्वारा स्थल पर विकसित की गयी सड़कें, नाली, बाउन्ड्रीवॉल, बिजली के खम्भे आदि ध्वस्त कर दिये गये।
180 रो-हाउस भवन व व्यावसायिक निर्माण सील
प्रवर्तन जोन-5 के जोनल अधिकारी संजय जिंदल ने बताया कि मो0 उमर रजा पुत्र अली रजा, दुर्गेश सिंह व अन्य द्वारा गुड़म्बा के ग्राम-दसौली में भूमि खसरा संख्या-321ग एवं 333ग पर लगभग 10 बीघा क्षेत्रफल में अवैध रूप से 180 रो-हाउस भवनों का निर्माण कराया जा रहा था। इसके अलावा मो0 शाहिद सिद्दीकी व अन्य द्वारा जानकीपुरम में नहर रोड पर गुरू नानक लॉन के बगल में लगभग 6000 वर्गफिट क्षेत्रफल में व्यावसायिक उपयोग हेतु बेसमेंट व भूतल पर निर्माण कार्य करवाया जा रहा था। प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराये बिना किये जा रहे इन निर्माण कार्य के विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए सीलिंग के आदेश दिये गये थे। जिसके अनुपालन में आज सहायक अभियंता एन0एन0 चौबे एवं संजय मिश्रा व अवर अभियंता सुभाष शर्मा द्वारा पुलिस बल के सहयोग से अवैध निर्माणों को सील कर दिया गया।








