काकोरी में चौथे दिन भी गरजा एलडीए का बुलडोजर, 70 बीघा अवैध प्लाटिंग ध्वस्त

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-3 की टीम ने की कार्यवाही

निजी विकासकर्ताओं द्वारा स्थल पर अवैध रूप से विकसित की गयी सड़कें, नाली, बाउन्ड्रीवॉल आदि को ध्वस्त किया गया

लखनऊ विकास प्राधिकरण ने काकोरी में लगातार चौथे दिन अभियान चलाकर तीन अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाया। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-3 की टीम ने लगभग 70 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही अवैध प्लाटिंग के ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की।

प्रवर्तन जोन-3 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि राजकुमार यादव व अन्य द्वारा काकोरी में समदा पुलिस चौकी से पहले कुंज बिहार में लगभग 15 बीघा जमीन पर अवैध प्लाटिंग का कार्य कराया जा रहा था। वहीं, दिनेश यादव व अन्य द्वारा ग्राम-समदा में लगभग 15 बीघा क्षेत्रफल में अवैध प्लाटिंग करायी जा रही थी। इसके अलावा चांद कुरैशी, रमेश शुक्ला व अन्य द्वारा काकोरी के डिगिया, पोस्ट-मौदा में लगभग 40 बीघा क्षेत्रफल में अवैध रूप से प्लाटिंग का कार्य करते हुए अनियोजित कालोनी विकसित की जा रही थी। प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृत कराये बिना की जा रही इन अवैध प्लाटिंग के विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए ध्वस्तीकरण के आदेश पारित किये गये थे।

इसके अनुपालन में गुरूवार को सहायक अभियंता अनिल कुमार के नेतृत्व में अवर अभियंता भानु प्रकाश वर्मा, भरत पाण्डेय व प्रमोद कुमार पाण्डेय द्वारा प्राधिकरण पुलिस व स्थानीय थाने के पुलिस बल के सहयोग से अवैध प्लाटिंग के ध्वस्तीकरण की कार्यवाही करायी गयी। इस दौरान निजी विकासकर्ताओं द्वारा स्थल पर विकसित की गयी सड़कें, नाली, बाउन्ड्रीवॉल, साइट ऑफिस, बिजली के खम्भे आदि को ध्वस्त कर दिया गया।

Related Articles

Back to top button
btnimage