मुख्यमंत्री ने अयोध्या-अहमदाबाद के बीच इंडिगो एयरलाइंस की सीधी हवाई सेवा का शुभारम्भ किया

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि धर्मनगरी अयोध्या में प्रभु श्री राम के दर्शन-पूजन की चाह रखने वाले श्रद्धालुओं/पर्यटकों को अहमदाबाद-अयोध्या के बीच सीधी हवाई सेवा का विकल्प मिल गया है। इस उड़ान सेवा से भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या, हवाई सेवा द्वारा सीधे अहमदाबाद से जुड़ गयी है। बेहतर हवाई सेवाएं पर्यटन और व्यापार की गतिविधियों को प्रोत्साहित करती हैं।

मुख्यमंत्री ने अपने सरकारी आवास पर अयोध्या-अहमदाबाद के बीच इंडिगो एयरलाइंस की सीधी हवाई सेवा के वर्चुअल माध्यम से शुभारम्भ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त किये। इसके पश्चात उन्होंने हरी झण्डी दिखाकर वायु सेवा का शुभारम्भ किया। उन्होंने अयोध्या-अहमदाबाद के बीच नई हवाई सेवा के शुभारम्भ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की परिकल्पना है कि एक सामान्य नागरिक भी हवाई जहाज में यात्रा करे तथा हवाई चप्पल पहनने वाला व्यक्ति भी हवाई सेवा का लाभ उठाये। प्रदेश सरकार इस परिकल्पना को साकार करने के लिए प्रतिबद्धतापूर्वक कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली के बाद अहमदाबाद अयोध्या से दूसरा कनेक्टेड स्थल है। आगामी 15 जनवरी, 2024 को मुम्बई के लिए उड़ान सेवा आरम्भ हो जाने के पश्चात मुम्बई अयोध्या से तीसरा कनेक्टेड स्थल हो जाएगा। इसके अतिरिक्त, दिनांक 16 जनवरी, 2024 से दिल्ली के लिए एक और उड़ान आरम्भ हो रही है। अयोध्या में 05 वर्ष पहले तक एक छोटी सी एयरस्ट्रिप थी। लेकिन आज वहां महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट संचालित हो रहा है। आज प्रत्येक व्यक्ति अयोध्या आने का इच्छुक है। प्रधानमंत्री विजन के अनुरूप अयोध्या को सड़क, रेल तथा वायु मार्ग की बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान की गई है। प्रदेश सरकार ने अयोध्या अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के लिए 821 एकड़ भूमि उपलब्ध कराई तथा केंद्रीय नागर विमानन मंत्रालय द्वारा समयबद्धता के साथ विश्वस्तरीय एयरपोर्ट तैयार कराया गया। इंडिगो द्वारा प्रदेश के 08 नगरों-लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी, कानपुर, आगरा, प्रयागराज, बरेली तथा अयोध्या से उड़ान सुविधा दी जा रही है। इसमें लगातार बढ़ोत्तरी भी हो रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें अवगत कराया गया है कि वर्ष 2016-17 में प्रदेश में हवाई यात्रियों की संख्या 59.97 लाख थी, जो वर्ष 2022-23 में बढ़कर 96.02 लाख हो गयी। विगत 03 वर्षों में प्रदेश में हवाई यात्रियों की संख्या में 29.46 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी है। वर्ष 2016-17 में लखनऊ एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या 39.68 लाख, वाराणसी में 19.16 लाख, गोरखपुर में 54 हजार तथा प्रयागराज में 45 हजार थी। जबकि वर्ष 2022-23 में लखनऊ एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या बढ़कर 52.20 लाख, वाराणसी में 25.21 लाख, गोरखपुर में 7.18 लाख तथा प्रयागराज में 5.71 लाख हो गयी। लखनऊ एयरपोर्ट से उड़ान वर्ष 2009 में प्रारम्भ हुई। वर्तमान में 13 कनेक्टेड राष्ट्रीय गंतव्य स्थलों के लिए 84 उड़ानें प्रतिदिन उपलब्ध हैं।

इसी तरह, वाराणसी एयरपोर्ट से 06 कनेक्टेड राष्ट्रीय गंतव्य स्थलों के लिए 34 उड़ानें, गोरखपुर एयरपोर्ट से 04 कनेक्टेड राष्ट्रीय गंतव्य स्थलों के लिए 06 उड़ानें, प्रयागराज एयरपोर्ट से 10 कनेक्टेड राष्ट्रीय गंतव्य स्थलों के लिए 11 उड़ानें, आगरा एयरपोर्ट 06 कनेक्टेड राष्ट्रीय गंतव्य स्थलों के लिए 06 उड़ानें, कानपुर एयरपोर्ट से 03 कनेक्टेड राष्ट्रीय गंतव्य स्थलों के लिए 03 उड़ानें, बरेली एयरपोर्ट से 03 कनेक्टेड राष्ट्रीय गंतव्य स्थलों के लिए 03 उड़ानें प्रतिदिन उपलब्ध हैं।

केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य एम0 सिंधिया ने कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से सम्बोधित करते हुए कहा कि आगामी 22 जनवरी, 2024 को अयोध्या में श्रीरामलला के नव विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा की प्रतीक्षा 140 करोड़ भारतीयों के साथ-साथ विदेशी श्रद्धालुओं द्वारा भी की जा रही है। उन्होंने 30 दिसंबर, 2023 को महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के शुभारंभ का अनुभव साझा करते हुए कहा कि अयोध्या में ऐसा लगा कि मानो हर कोई अपने प्रभु श्रीराम के स्वागत में आह्लादित है। मुख्यमंत्री ने नव्य अयोध्या का निर्माण किया है। उन्होंने प्रदेश में अयोध्या एयरपोर्ट सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं की समयबद्धता पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि ’जहां होता है राम का नाम-वहां पूरे होते हैं सारे काम। मुख्यमंत्री जी के सहयोग से ही महज 20 महीने में यह एयरपोर्ट बन सका है। इतनी कम अवधि में हवाई अड्डा बनना, एक रिकॉर्ड है।

अहमदाबाद और अयोध्या के बीच इंडिगो की फ्लाइट सेवा के शुभारंभ पर सभी देशवासियों को बधाई देते हुए केन्द्रीय नागर विमानन मंत्री ने कहा कि इस फ्लाइट के माध्यम से वाइब्रेंट गुजरात और आध्यत्मिक अयोध्या का संगम हो रहा है। जिस उत्तर प्रदेश में वर्ष 2014 में 700 एयरक्राफ्ट प्रति सप्ताह मूवमेन्ट था, आज वह 137 गुना बढ़कर 1654 एयरक्राफ्ट प्रति सप्ताह तक पहुंच गया है। बहुत शीघ्र अलीगढ़, आजमगढ़, चित्रकूट, श्रावस्ती में भी हवाई सेवा शुरू होने जा रही है।

कार्यक्रम में इंडिगो एयरलाइंस के स्पेशल डायरेक्टर आर0के0 सिंह ने बताया कि वर्तमान में इंडिगो हर दिन उत्तर प्रदेश के 07 हवाई अड्डों से 165 उड़ानें भर रहा है। आने वाले दिनों में इसमें और अधिक बढ़ोतरी सुनिश्चित है। अयोध्या-अहमदाबाद के बीच शुरू हुई नई फ्लाइट के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि दोनों ओर से फ्लाइट सप्ताह में तीन दिन उपलब्ध रहेगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री, केंद्रीय नागर विमानन मंत्री तथा फ्लाइट संख्या 6ई112 की अयोध्या से पहली उड़ान के पहले यात्री को बोर्डिंग पास भी प्रदान किया गया। वर्चुअल माध्यम से हुए इस कार्यक्रम में सांसद लल्लू सिंह तथा किरीट प्रेमजीभाई सोलंकी, शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं इंडिगो एयरलाइंस के प्रतिनिधिगण उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button
btnimage