एलडीए ने तीन अवैध व्यवसायिक निर्माण व 30 रो-हाउस भवन सील किये

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-4 व प्रवर्तन जोन-5 की टीम ने की कार्यवाही

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा शहर में अवैध निर्माण/प्लाटिंग के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही किये जाने के निर्देशों के क्रम में शनिवार को एलडीए के प्रवर्तन दस्ते ने बड़े स्तर पर अभियान चलाया। इस दौरान प्रवर्तन जोन-5 की टीम ने तीन अवैध व्यवसायिक निर्माण व दो स्थानों पर 26 रो-हाउस भवनों को सील किया। इसके अलावा प्रवर्तन जोन-4 की टीम ने मड़ियांव के फैजुल्लागंज में चार रो-हाउस भवनों को सील किया।

प्रवर्तन जोन-4 के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह ने बताया कि वकील अहमद व अन्य द्वारा मड़ियांव के फैजुल्लागंज-द्वितीय, ग्राम-गौरभीठ में भूमि खसरा संख्या-369 पर लगभग 4000 वर्गफिट क्षेत्रफल में 4 रो-हाउस भवनों का निर्माण कराया जा रहा था। प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराये बिना अनाधिकृत रूप से किये जा रहे उक्त निर्माण कार्य के विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए सीलिंग के आदेश पारित किये गये थे। जिसके अनुपालन में आज सहायक अभियंता अनिल कुमार के नेतृत्व में अवर अभियंता उस्मान अली व राकेश कुमार द्वारा प्राधिकरण पुलिस व स्थानीय थाने के पुलिस बल के सहयोग से निर्माणाधीन भवनों को सील कर दिया गया।

तीन व्यवसायिक निर्माण सील
प्रवर्तन जोन-5 की जोनल अधिकारी श्रद्धा चौधरी ने बताया कि अनिल कुमार वर्मा व अन्य द्वारा जानकीपुरम के सेक्टर-जे में भूखण्ड संख्या-3/90 पर लगभग 3200 वर्गफिट क्षेत्रफल में बेसमेंट समेत चार मंजिला बिल्डिंग का निर्माण कराया गया था। वहीं, विनोद कुमार त्रिपाठी व अन्य द्वारा इंदिरा नगर में तकरोही पेट्रोल पम्प से पहले लगभग 4000 वर्गफिट क्षेत्रफल के भूखण्ड पर बेसमेंट समेत तीन मंजिला भवन का निर्माण कराया जा रहा था। इसी तरह मेसर्स शुभ शक्ति डेवलपर्स के हरीश कुमार सिंह द्वारा जानकीपुरम के सहारा स्टेट में लगभग 372.67 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्ड पर बेसमेंट समेत पांच मंजिला बिल्डिंग का निर्माण कराया गया था।
26 रो-हाउस भवन सील किये गये

इसके अलावा कुनाल आहुजा पुत्र धर्मपाल व अन्य द्वारा इंदिरा नगर के ग्राम-जरहरा में लगभग 10000 वर्गफिट क्षेत्रफल में 06 रो-हाउस भवनों का निर्माण कराया गया था। वहीं, पवन मिश्रा, राकेश मिश्रा व अन्य द्वारा जानकीपुरम में नहर रोड पर मिर्जापुर पुलिया के पहले नागेश्वर नाथ कालोनी में लगभग 01 बीघा क्षेत्रफल में 20 रो-हाउस भवनों का निर्माण कराया जा रहा था। प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराये बिना किये जा रहे इन अवैध निर्माणों के विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए सीलिंग के आदेश पारित किये गये थे। इसके अनुपालन में आज प्रवर्तन जोन-5 के सहायक अभियंता एन0एन0 चौबे के नेतृत्व में अवर अभियंता संजय मिश्रा व सुभाष शर्मा द्वारा प्राधिकरण पुलिस व स्थानीय थाने के पुलिस बल के सहयोग से प्रश्नगत भवनों को सील कर दिया गया।

Related Articles

Back to top button
btnimage